दूसरी शादी बनी मौत की वजह, पलामू में पत्नी ने डेढ़ लाख की सुपारी देकर कराई पति की हत्या
पलामू के तरहसी में तुलेश्वर महतो की हत्या का खुलासा हुआ है। पत्नी उर्मिला देवी ने पति की दूसरी शादी ...और पढ़ें

पत्नी ने पति की दूसरी शादी से नाराज होकर हत्या की साजिश रची।
HighLights
पत्नी ने पति की दूसरी शादी से नाराज होकर हत्या की साजिश रची।
डेढ़ लाख रुपये की सुपारी देकर हत्यारों से गोली मरवाई।
जागरण संवाददाता, मेदिनीनगर (पलामू)। तरहसी के बेदानीखुर्द में तुलेश्वर महतो की हत्या की साजिश घर के भीतर ही रची गई थी। पुलिस के अनुसार, पति की दूसरी शादी से नाराज पत्नी उर्मिला देवी ने डेढ़ लाख रुपये की सुपारी देकर उसकी हत्या कराई।
इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने पत्नी समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। हत्या में प्रयुक्त देशी कट्टा, एक गोली, दो मोटरसाइकिल और आरोपितों के मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। गुरुवार को पुलिस सभागार में एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि 21 अक्टूबर 2026 को बेदानीखुर्द निवासी 45 वर्षीय तुलेश्वर महतो को घर से बाहर बुलाकर गोली मार दी गई थी।
मृतक के भाई मुरारी महतो के बयान पर तरहसी थाना में कांड संख्या 114/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए लेस्लीगंज एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। अनुसंधान के दौरान मृतक के साढ़ू शैलेश महतो और उसके बेटे राहुल कुमार से पूछताछ की गई।
पुलिस के मुताबिक, राहुल ने खुलासा किया कि तुलेश्वर ने उसकी मौसी उर्मिला देवी को छोड़कर दूसरी शादी कर ली थी। इसी रंजिश में उर्मिला ने हत्या की साजिश रची। राहुल ने डेढ़ लाख रुपये देकर अपने साथ ट्रक चलाने वाले मनिका निवासी शंकर यादव के जरिए नरेश सिंह को हत्या की सुपारी दी।
इसके बाद नरेश ने तुलेश्वर की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में उर्मिला देवी, राहुल कुमार, शंकर यादव और नरेश सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल देशी कट्टा और गोली बरामद की गई।
वारदात में प्रयुक्त आर-15 बाइक और रेकी के लिए इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। छापामारी टीम में लेस्लीगंज एसडीपीओ प्रशांत कुमार-2, पाटन अंचल के पुलिस निरीक्षक रामाशीष पासवान, तरहसी थाना प्रभारी राजेश रंजन और रिजर्व गार्ड शामिल थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।