पलामू में बेटी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पिता और सौतेली मां गिरफ्तार, बहन ने दर्ज कराई थी FIR
पलामू के मोहम्मदाबाद गांव में 20 वर्षीय युवती अफसाना परवीन की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पिता और सौतेली मां को गिरफ्तार किया है।

पिता और सौतेली मां गिरफ्तार
HighLights
पलामू में युवती की मौत मामले में पिता-सौतेली मां गिरफ्तार।
दोनों पर आत्महत्या के लिए उकसाने और प्रताड़ना का आरोप।
मृतका की बहन की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई।
संवाद सूत्र, जपला (पलामू)। हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के मोहम्मदाबाद गांव में 20 वर्षीय युवती अफसाना परवीन की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पिता और सौतेली मां को गिरफ्तार किया है। दोनों पर युवती को लगातार प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है।
एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला ने गुरुवार को पत्रकारों को बताया कि चार नवंबर 2026 को मृतका की बहन अजमेरी बीबी ने हुसैनाबाद थाना में लिखित आवेदन दिया था। आवेदन में आरोप लगाया गया था कि मृतका के पिता रऊफ अंसारी और सौतेली मां जूही परवीन उसके साथ लगातार मारपीट करते थे और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
पुलिस ने शुरू की मामले का जांच
आवेदन के अनुसार, तीन नवंबर को करीब 11 बजे अफसाना ने अपनी बहन को फोन कर अपने साथ हो रही मारपीट और प्रताड़ना की जानकारी दी थी। इसके आधार पर हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 223/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 108/35(3) में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया।
एसडीपीओ ने बताया कि अनुसंधान के दौरान त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में रऊफ अंसारी (50)और जूही परवीन (35),दोनों निवासी मोहम्मदाबाद गांव, थाना हुसैनाबाद शामिल हैं।
पुलिस मामले में अन्य आवश्यक साक्ष्य जुटाने के साथ आगे की अनुसंधानात्मक कार्रवाई कर रही है। मौके पर हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
यह भी पढ़ें- प्रेमिका से मिलने पहुंचा था युवक, ग्रामीणों ने पकड़ा; फिर मंदिर में सात फेरे लेकर पूरी हुई इश्क की कहानी