प्रेमिका से मिलने पहुंचा था युवक, ग्रामीणों ने पकड़ा; फिर मंदिर में सात फेरे लेकर पूरी हुई इश्क की कहानी
चैनपुर के तेनला गांव के युवक और लातेहार की युवती का प्रेम प्रसंग शादी में बदल गया। ग्रामीणों द्वारा पकड़े ...और पढ़ें

ग्रामीणों ने युवक और युवती की करवा दी शादी। जागरण
HighLights
युवक-युवती का प्रेम प्रसंग शादी में बदला।
ग्रामीणों ने युवक को युवती के घर पकड़ा।
संवाद सूत्र, चैनपुर (पलामू)। प्रेम प्रसंग का एक मामला आखिरकार शादी तक पहुंच गया। चैनपुर प्रखंड अंतर्गत कोशियारा पंचायत के तेनला गांव निवासी युवक ने लातेहार जिले की युवती के साथ मंदिर में सात फेरे लेकर उसे जीवनसाथी बना लिया। दोनों परिवारों की सहमति और युवक-युवती की आपसी रजामंदी से बुधवार को विवाह संपन्न हुआ।
जानकारी के अनुसार, तेनला गांव निवासी पच्चु शर्मा के पुत्र गुड्डू शर्मा और लातेहार जिले के जिंगुर गांव निवासी काजल कुमारी के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी क्रम में मंगलवार को युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा। इसी दौरान गांव के कुछ ग्रामीणों ने दोनों को घर में साथ देख लिया और युवक को पकड़ लिया। युवक के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने उसके परिजनों को इसकी सूचना दी।
संयोगवश उसी गांव में युवक की बहन की शादी भी हुई थी। सूचना मिलने पर युवक के जीजा मौके पर पहुंचे और युवती के स्वजनों से बातचीत की। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनी और बुधवार को लातेहार स्थित एक मंदिर में युवक-युवती का विवाह करा दिया गया।
विवाह के दौरान दोनों ने सात फेरे लेकर एक-दूसरे को जीवनसाथी स्वीकार किया। बताया जाता है कि युवक और युवती एक ही जाति के हैं। शादी में दोनों के अभिभावकों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी उपस्थित रहे। परिवारों की सहमति और युवक-युवती की खुशी के बीच विवाह संपन्न हुआ। प्रेम प्रसंग से शुरू हुई यह कहानी शादी तक पहुंचने के कारण इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।