PM मोदी पर अभद्र टिप्पणी के बाद पलामू में बवाल, आरोपी की पत्नी ने भाजपा विधायक सहित 50 लोगों पर लगाया मारपीट और लूटपाट का आरोप
पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशि भूषण मेहता ने प्रधानमंत्री मोदी पर अभद्र टिप्पणी के आरोपी सोनू सोनी की गिरफ्तारी न ...और पढ़ें

प्रेस वार्ता करते पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशि भूषण मेहता।
HighLights
पीएम मोदी पर अभद्र टिप्पणी को लेकर विवाद गहराया।
विधायक ने आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर बंद की चेतावनी।
आरोपी की पत्नी ने विधायक पर मारपीट, लूटपाट का आरोप।
संवाद सूत्र, नीलांबर-पीतांबरपुर (पलामू)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित अभद्र टिप्पणी का वीडियो वायरल होने के बाद पलामू की राजनीति में भूचाल आ गया है।
पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशि भूषण मेहता ने वीडियो पोस्ट करने वाले आरोपी सोनू सोनी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही, चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो गुरुवार को लेस्लीगंज पूरी तरह बंद कराया जाएगा।
प्रेस वार्ता में विधायक ने दी चेतावनी
मंगलवार को मौर्या फार्म हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पांकी विधायक ने कहा कि आरोपी सोनू सोनी ने सोशल मीडिया पर देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ अत्यंत अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते हुए वीडियो अपलोड किया था।
हालांकि बाद में वीडियो डिलीट कर दिया गया, लेकिन तब तक वह वायरल हो चुका था जिससे करोड़ों देशवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं।विधायक ने बताया कि इस संबंध में पलामू एसपी को सूचना दी गई है, बावजूद इसके अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है।
उन्होंने दो टूक कहा कि अगर आरोपी को नहीं पकड़ा गया, तो भाजपा कार्यकर्ता लेस्लीगंज में प्रदर्शन कर बाजार बंद कराएंगे और आरोपी के घर-दुकान का घेराव करेंगे। इस मामले में भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रकाश मेहता द्वारा लेस्लीगंज थाने में लिखित आवेदन भी दिया गया है।
आरोपी की पत्नी ने विधायक और समर्थकों पर लगाए गंभीर आरोप
एक तरफ जहां विधायक और भाजपा कार्यकर्ता कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं, वहीं दूसरी तरफ आरोपी सोनू सोनी की पत्नी सुहानी कुमारी (25) ने पलटवार करते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। सुहानी ने लेस्लीगंज थाना में आवेदन देकर पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशि भूषण मेहता समेत करीब 50 लोगों पर घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट, छेड़खानी और लूटपाट करने का मामला दर्ज करने की मांग की है।
आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया है कि विधायक अपने समर्थकों के साथ उनके घर पहुंचे और उनके पति को लेकर अभद्र व्यवहार किया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई, घर से सोने के जेवरात और 60 हजार नकद लूट लिए गए तथा पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
क्या कहती है पुलिस?
मामले की गंभीरता को देखते हुए लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने बताया कि भाजपा मंडल अध्यक्ष और आरोपी की पत्नी—दोनों पक्षों की ओर से आवेदन मिले हैं। घटना में सोनू सोनी के भाई को भी चोट आई है।
जिसकी इंज्यूरी रिपोर्ट तैयार करवा ली गई है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की बारीकी से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।