विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जेटेट ड्यूटी पर तैनात जवान की SLR राइफल गायब, पलामू में हंगामा; घंटों बाद सोफे के नीचे मिली सरकारी बंदूक

Published: Sun, 01 Nov 2026 01:58 PM (IST)

मेदिनीनगर में जेटेट परीक्षा ड्यूटी के दौरान एक पुलिस जवान संजीव तिवारी की सरकारी एसएलआर राइफल गायब हो गई। घंटों ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।

एआई जेनरेटेड इमेज।

HighLights

  1. पुलिस जवान की सरकारी एसएलआर राइफल हुई गायब।

  2. घंटों की खोजबीन के बाद सोफे के नीचे मिली राइफल।

जागरण संवाददाता, मेदिनीनगर (पलामू)। जेटेट परीक्षा ड्यूटी में तैनात एक पुलिस जवान की घोर लापरवाही का मामला सामने आया है। मेदिनीनगर के रेडमा में तैनात जवान संजीव तिवारी की सरकारी एसएलआर राइफल अचानक गायब हो गई।

घंटों की खोजबीन के बाद हथियार उसी घर में सोफे के नीचे से बरामद हुआ, जहां जवान ठहरा हुआ था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बिश्रामपुर एसडीपीओ से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। साथ ही जवान को निलंबित करने और विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के नवगढ़ा ओपी में तैनात जवान संजीव तिवारी की ड्यूटी जेटेट परीक्षा में सुरक्षा व्यवस्था के लिए मेदिनीनगर में लगाई गई थी। इस दौरान वह रेडमा स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर में ठहरा हुआ था। बताया जाता है कि जवान घर में सो रहा था। नींद खुलने पर उसने देखा कि उसकी सरकारी एसएलआर राइफल गायब है। इसके बाद उसके होश उड़ गए।

गाड़ी से हथियार चोरी होने की दी जानकारी

हथियार गायब होने के बाद जवान ने आनन-फानन में मेदिनीनगर टाउन थाना को इसकी सूचना दी। शुरुआत में उसने पुलिस अधिकारियों को बताया कि हथियार गाड़ी में रखा हुआ था, जहां से चोरी हो गया। परीक्षा ड्यूटी के दौरान शहर के बीचोंबीच सरकारी हथियार गायब होने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की।

सोफे के नीचे से बरामद हुआ हथियार

पुलिस टीम ने कई घंटों तक घर और आसपास के इलाके में तलाशी ली। इस दौरान एसएलआर राइफल उसी घर के अंदर सोफे के नीचे सुरक्षित बरामद हो गई। इसके बाद जवान की लापरवाही और अधिकारियों को दी गई भ्रामक जानकारी का मामला सामने आया।

मेडिकल जांच के साथ विभागीय कार्रवाई

पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि बिश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल से मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। जवान संजीव तिवारी को निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हथियार सुरक्षित बरामद कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

जवान मूल रूप से चैनपुर का रहने वाला है। उसकी मेडिकल जांच भी कराई जा रही है, ताकि घटना के समय उसकी शारीरिक और मानसिक स्थिति का पता लगाया जा सके। एसपी ने स्पष्ट किया है कि लापरवाही के मामले में जवान के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। 

यह भी पढ़ें- दस साल का इंतजार हुआ खत्म! आज झारखंड में जेटेट की परीक्षा; नए पैटर्न के सवालों ने अभ्यर्थियों को उलझाया

यह भी पढ़ें- पलामू में जेटेट परीक्षा केंद्र पर ड्यूटी करने जा रही महिला जवान की सड़क हादसे में मौत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।