Palamu Crime: प्रेमी युगल को पहले तड़पाया... फिर कुएं में फेंका शव, हिरासत में कई लोग
पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र में एक कुएं से प्रेमी युगल के शव बरामद हुए। मृतकों की पहचान कारू मेहता और विभा कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे ऑनर किलिंग का मामला मानकर जांच शुरू कर दी है और कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। दोनों के शरीर पर जख्मों के निशान हैं और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

जागरण संवाददाता, तरहसी (पलामू)। जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के तरिया गांव में सोमवार को एक कच्चे कुएं से प्रेमी युगल का शव बरामद किया गया। दोनों के शरीर पर गहरे जख्म के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया पुलिस इसे ऑनर किलिंग का मामला मानकर जांच शुरू कर दी है।
कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतकों की पहचान भंडरा गांव निवासी कारू मेहता और तरिया निवासी विभा कुमारी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, कारू शनिवार से लापता था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच रविवार की देर रात तरहसी पुलिस को सूचना मिली कि तरिया गांव स्थित एक कच्चे कुएं में दो शव पड़े हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आनंद राम के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकाला गया।
पुलिस के अनुसार जिस कुएं से शव बरामद किए गए हैं, वह लड़की के घर से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। कारू के शरीर पर चोट और जलने के निशान हैं, जबकि उसकी एक आंख बुरी तरह क्षतिग्रस्त पाई गई। इससे यह स्पष्ट होता है कि दोनों की निर्मम हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया गया।
थाना प्रभारी आनंद राम ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम प्रसंग के कारण हत्या का प्रतीत होता है। ऑनर किलिंग की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।
रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।