विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 10, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Palamu News: अतिक्रमण हटाने गई वन विभाग की टीम पर जानलेवा हमला, ग्रामीणों ने लाठी-डंडे से पीटा

Published: Thu, 10 Jul 2025 09:14 AM (IST)

पलामू के मनातू थाना क्षेत्र में वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। वनभूमि पर अवैध जुताई ...और पढ़ें

वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने किया हमला
वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने किया हमला

HighLights

  1. वनभूमि पर अवैध जुताई का विरोध करने गई विभागीय टीम पर हमला
  2. विभागीय वाहन तोड़ा, दो कर्मी गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती

संवाद सूत्र, मनातू (पलामू)। पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र में बुधवार की शाम को जंगल बचाने निकली वन विभाग की टीम पर ही जानलेवा हमला हो गया। अतिक्रमण हटाने गई टीम पर ग्रामीणों ने लाठी-डंडे से धावा बोल दिया। इस हमले में दो वनकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।

ग्रामीणों ने सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इतना ही नहीं, जब्त ट्रैक्टर को भी छीनकर ले गए। हमले के बाद वनकर्मियों को जान बचाकर भागना पड़ा। घटना मनातू थाना क्षेत्र के बंशी खुर्द गांव की है।

दरअसल, वनकर्मियों को सूचना मिली थी कि गांव के पास वनभूमि पर अवैध रूप से जुताई की जा रही है। इस पर विभागीय टीम मौके पर पहुंची और एक ट्रैक्टर जब्त किया। जब टीम ट्रैक्टर को लेकर लौट रही थी, तभी रास्ते में ग्रामीणों की भीड़ ने घेर लिया और लाठी-डंडे से हमला कर दिया।

इस हमले में विभागीय वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। हमले में वाहन चालक और एक वनकर्मी को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

फॉरेस्टर राजेश गुप्ता ने बताया कि जिस भूमि पर जुताई की जा रही थी, वह आरक्षित वनभूमि है। जांच में सामने आया है कि यह अवैध जुताई स्थानीय राजकीय चौकीदार के संरक्षण में हो रही थी। ऐसे में यह केवल अतिक्रमण का मामला नहीं, बल्कि सरकारी पद का दुरुपयोग भी है। उन्होंने कहा कि विभाग इस मामले में गंभीरता से कार्रवाई करेगा।

मनातू थाना प्रभारी निर्मल उरांव ने बताया कि वन विभाग की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और किसी तरह सभी कर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाला। उन्होंने कहा कि हमले में शामिल ग्रामीणों की पहचान की जा रही है और संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। गांव में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।