विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 15, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Palamu News: कुआं में जहरीली गैस से पिता-पुत्र की मौत, काफी मशक्कत से निकाले गए शव

Published: Tue, 15 Jul 2025 06:10 PM (IST)

लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के हरतुआ गांव में जहरीली गैस से एक ही परिवार के दो सदस्यों पिता और पुत्र की ...और पढ़ें

जहरीली गैस से पिता-पुत्र की मौत के बाद शव निकालने के लिए रेस्क्यू करती पुलिस।
जहरीली गैस से पिता-पुत्र की मौत के बाद शव निकालने के लिए रेस्क्यू करती पुलिस।

संवाद सूत्र, नीलांबर-पीतांबरपुर (पलामू) । लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के हरतुआ गांव में मंगलवार की दोपहर एक हृदयविदारक घटना घटी। इसमें जहरीली गैस से एक ही परिवार के दो सदस्यों पिता और पुत्र की एक साथ मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।

मृतकों की पहचान अमवा गांव निवासी विश्वनाथ सिंह (65 वर्ष) और उनके पुत्र शंभू सिंह (40 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों खेत में कार्य कर रहे थे। खेत के कुआं से मोटर निकालने के क्रम में हादसा हुआ।

पहले उतरा बेटा, फिर पिता, दोनों की चली गई जान

कुएं में पानी का मोटर खराब हो गया था। शंभू सिंह उसे निकालने के लिए उतरे। लेकिन भीतर जहरीली गैस के कारण उनका दम घुटने लगा। जब वह काफी देर तक बाहर नहीं निकले, तो उनके पिता विश्वनाथ सिंह उन्हें बचाने कुआं में कूद पड़े। वह भी उसी गैस की चपेट में आ गए।

दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना करीब दोपहर 11 बजे की है। सूचना मिलते ही लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय, अंचलाधिकारी सुशील कुमार सिंह, मुखिया अरविंद शुक्ला व अन्य पदाधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे।

पुलिस कांस्टेबल ने दिखाई बहादुरी

घटना के बाद शव निकालने के लिए तीन घंटे तक रेस्क्यू आपरेशन चलाया गया। बारिश के कारण काम में लगातार बाधा आ रही थी। स्थानीय लोगों ने प्रयास तो किया, लेकिन जहरीली गैस के कारण कुएं में उतरे तीन ग्रामीणों का भी दम घुटने लगा। उन्होंने हाथ से इशारा कर बाहर खींचे जाने की गुहार लगाई।

उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल  लिया गया। बाद में एक बुजुर्ग की सलाह पर कुएं में पानी डालकर गैस की तीव्रता कम करने की कोशिश की गई। परंतु अंदर जाने की हिम्मत कोई नहीं जुटा सका।

पुलिस कांस्टेबल बबन कुमार यादव ने साहस दिखाते हुए आक्सीजन सिलेंडर के साथ कुएं में उतरने का निर्णय लिया। हालांकि अंदर जाते ही आक्सीजन का कनेक्शन निकल गया, लेकिन बबन पीछे नहीं हटे।

करीब 40 फीट नीचे जाकर उन्होंने दोनों शवों को रस्सी से बांधा। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से शव बाहर निकाला गया। थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने मौके पर ही कांस्टेबल बबन कुमार यादव को ₹1100 नगद पुरस्कार देने की घोषणा की।

परिजनों का बुरा हाल, गांव में शोक की लहर

एक ही साथ पिता-पुत्र की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में चीख पुरार मची थी। दिन में घर के पुरुष सदस्य रेस्क्यू में जुटे रहे। हादसे से पूरे गांव में मातम पसरा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।