CBSE का बड़ा बदलाव, 9वीं-10वीं में व्यावसायिक शिक्षा अनिवार्य; डाटा साइंस समेत 22 विषयों का विकल्प
सीबीएसई ने नई शिक्षा नीति के तहत नौवीं और दसवीं कक्षा में व्यावसायिक शिक्षा अनिवार्य कर दी है। यह बदलाव छात्रों को किताबी ज्ञान के साथ रोजगारपरक कौशल विकसित करने में मदद करेगा, जिसमें 22 कौशल आधारित विषयों में से चयन का विकल्प होगा।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।
HighLights
नौवीं-दसवीं में व्यावसायिक शिक्षा सीबीएसई द्वारा अनिवार्य।
2026-27 से नौवीं, 2027-28 से दसवीं में लागू होगी।
जागरण संवाददाता, मेदिनीनगर (पलामू)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने नई शिक्षा नीति के अनुरूप नौवीं और दसवीं कक्षा के पाठ्यक्रम में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। नई व्यवस्था के तहत विद्यार्थियों के लिए व्यावसायिक शिक्षा अनिवार्य कर दी गई है। नौवीं कक्षा में यह बदलाव शैक्षणिक सत्र 2026-27 और दसवीं में सत्र 2027-28 से लागू होगा।
हालांकि, वर्ष 2027 में दसवीं की बोर्ड परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों पर यह नियम लागू नहीं होगा। नई व्यवस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी पढ़ाई के साथ व्यावहारिक और रोजगारपरक कौशल से जोड़ना है।नए पाठ्यक्रम के तहत नौवीं के विद्यार्थियों को कुल नौ विषयों की पढ़ाई करनी होगी।
इसमें तीन भाषाओं के साथ गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान जैसे मुख्य विषय शामिल हैं। इसके अलावा कला शिक्षा, शारीरिक शिक्षा और व्यावसायिक शिक्षा को भी अनिवार्य पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया गया है। इस तरह विद्यार्थियों को अकादमिक शिक्षा के साथ कला, खेल और कौशल विकास का भी अवसर मिलेगा।
22 कौशल आधारित विषयों में से कर सकेंगे चयन
नई व्यवस्था के तहत विद्यार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा के लिए दो विकल्प दिए गए हैं। वे कौशल विकास कार्यक्रम का चयन कर सकेंगे या बोर्ड की ओर से निर्धारित 22 कौशल आधारित विषयों में से अपनी रुचि के अनुसार किसी एक विषय को चुन सकेंगे।
इन विषयों में सूचना प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), बैंकिंग एवं बीमा, पर्यटन, खुदरा कारोबार, सुरक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं हार्डवेयर, डाटा साइंस, स्वास्थ्य देखभाल, कृषि तथा डिजाइन थिंकिंग एवं नवाचार जैसे विषय शामिल हैं।
कक्षा दसवीं में भी जारी रहेगी पढ़ाई
नई व्यवस्था के तहत नौवीं में चुने गए व्यावसायिक शिक्षा के विकल्प को दसवीं में भी जारी रखना होगा। व्यावसायिक विषय का मूल्यांकन स्कूली स्तर पर आंतरिक रूप से किया जाएगा। हालांकि, विद्यार्थियों को चयनित कौशल विषय की दसवीं की बोर्ड परीक्षा भी देनी होगी। इससे विद्यार्थियों को स्कूली स्तर पर ही अलग-अलग व्यावसायिक क्षेत्रों की जानकारी और व्यावहारिक अनुभव मिल सकेगा।
रुचि और क्षमता के अनुरूप पढ़ाई पर जोर
सीबीएसई के नए पाठ्यक्रम में विद्यार्थियों की रुचि और क्षमता के अनुरूप शिक्षा देने पर विशेष जोर दिया गया है। अब तक स्कूली शिक्षा में मुख्य रूप से गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान जैसे अकादमिक विषयों पर अधिक ध्यान दिया जाता था।
नई व्यवस्था में कला, खेल, शारीरिक गतिविधियों और व्यावसायिक कौशल को भी समान महत्व दिया गया है। इससे विद्यार्थियों को कम उम्र में ही अपनी रुचि पहचानने और भविष्य के रोजगारपरक विकल्पों को समझने का अवसर मिलेगा।
यह भी पढ़ें- झारखंड के 29 टॉपर छात्रों को लैपटाप-मोबाइल के साथ मिलेंगे ₹3 लाख, राज्य स्थापना दिवस पर होगा सम्मान
यह भी पढ़ें- झारखंड के 700 स्कूल-कॉलेजों में 30 नवंबर को शैक्षणिक हड़ताल, शिक्षक काला बिल्ला लगाकर करेंगे विरोध
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।