Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Sharad Navratri 2025: एफिल टावर की रोशनी में मां दुर्गा की भक्ति, पाकुड़ में 70 फीट ऊंचा लाइट गेट बनेगा आकर्षण

    Updated: Sun, 21 Sep 2025 03:35 PM (IST)

    पाकुड़ में नवरात्र के अवसर पर सद्भावना केंद्र में दुर्गा पूजा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस बार 70 फीट ऊंचा एफिल टावर जैसा लाइट गेट आकर्षण का केंद्र है। यहां बंगाली विधि से पूजा होगी और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। यह सद्भावना केंद्र की नौवीं वर्षगांठ है।

    Hero Image
    एफिल टावर थीम में दिखेगा देवी दरबार। फोटो जागरण

    संवाद सहयोगी, पाकुड़। शारदीय नवरात्र को लेकर पाकुड़ नगर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया है। शहर के नामुपाड़ा स्थित सद्भावना केंद्र में इस बार दुर्गा पूजा का आयोजन खासा आकर्षक होने जा रहा है।

    यहां माता के भव्य मंदिर के तर्ज पर पंडाल तैयार किया जा रहा है, जबकि 70 फीट ऊंचा एफिल टावर जैसा लाइट गेट भक्तों के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगा। यहां पूजा परंपरागत बंगाली विधि से संपन्न कराई जाती है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    विशेष तौर पर सफेद भतुआ की बलि दी जाती है, जो यहां की विशेष परंपरा है। संधि पूजा का आयोजन विशेष श्रद्धा और विधि-विधान से किया जाएगा। दुर्गा पूजा के अवसर पर बच्चों के लिए क्विज, पेंटिंग और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। इससे बच्चों में धार्मिक जागरूकता और सांस्कृतिक मूल्यों की भावना का संचार होगा।

    9वीं वर्षगांठ पर विशेष आयोजन

    इस बार सद्भावना केंद्र की 9वीं वर्षगांठ पर मां दुर्गा की नौ स्वरूपों में प्रतिमाएं स्थापित की जा रही है। प्रतिमा की ऊंचाई सात से आठ फीट होगी, जिसे पाकुड़ झिकरहाटी के प्रख्यात मूर्तिकार टोटन पाल तैयार कर रहे हैं।

    पंडाल की पूरी डिजाइनिंग और निर्माण कार्य में पश्चिम बंगाल के कारीगर जुटे हुए हैं। पूजा समिति के अध्यक्ष गणेश भगत ने बताया कि इस बार पूरे आयोजन का बजट करीब सात-आठ लाख रुपये रखा गया है।

    इसमें पंडाल, लाइटिंग, सजावट, मूर्ति निर्माण और अन्य व्यवस्थाएं शामिल हैं। पिछले साल जहां बुर्ज खलीफा थीम का लाइट गेट बना था, वहीं इस बार एफिल टावर का थीम आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

    सिर्फ सद्भावना केंद्र ही नहीं, बल्कि पूरे पाकुड़ में दर्जनों पूजा पंडाल बनाए जा रहे हैं। शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। हर गली-चौराहे पर रंग-बिरंगी लाइटों की छटा देखते ही बनती है। झूमा डेकोरेटर के संचालक ने जानकारी दी कि इस बार भी बंगाल से विशेष कारीगर बुलाए गए हैं।

    सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

    भक्तों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल के साथ समिति के स्वयंसेवक भी तैनात रहेंगे। पंडाल परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना पर नजर रखी जा सके। पूरी व्यवस्था भक्तों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखकर की जा रही है। सुरक्षा को लेकर समिति काफी गंभीर है।