Pakur Weather: पाकुड़ में बदला मौसम का मिजाज, तेज आंधी के साथ हुई बारिश
पाकुड़ जिले में शुक्रवार को तेज हवा के साथ भारी बारिश हुई जिससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। बारिश के कारण शहर में जलभराव की समस्या हुई। किसानों को नुकसान की आशंका नहीं है बल्कि आम और लीची के उत्पादन में वृद्धि की संभावना है।

जागरण टीम, पाकुड़। जिला मुख्यालय सहित जिलेभर में शुक्रवार को तेज हवा के साथ जमकर बारिश हुई। इससे मौसम सुहाना हो गया। तेज बारिश के कारण लोग अपने-अपने घरों में दुबके रहे।
बारिश थमने के बाद ही लोग घर से निकले। तापमान में गिरावट आई। गर्मी से लोगों को राहत मिली। बता दें कि प्रात: हल्की धूप निकली। इसके बाद आसमान में बादल छा गए। सुबह साढ़े दस बजे के बाद मौसम बदल गया। आसमान में घने काले बादल छा गए। तेज हवा के साथ जमकर बारिश शुरू हो गई।
करीब एक घंटे तक बारिश हुई। बारिश की रफ्तार तेज रहने के कारण मानसून जैसा नजारा देखने को मिला। शहरी क्षेत्र की नालियां भर गई। नालियों का गंदा पानी सड़क पर आ गया। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जिलेभर में लगभग 40 मिमी बारिश हुई। दोपहर तक आसमान में बादल छाए थे।
बारिश जैसा माहौल बना हुआ था। किसान रवि हांसदा, मनोज घोष, सुसन्ना मरांडी आदि ने बताया कि वर्तमान समय में खेतों में बहुत अधिक फसल नहीं लगी है। इसलिए नुकसान की कोई बात नहीं है। आम और लीची के फलन में वृद्धि होने की संभावना है। लिट्टीपाड़ा व महेशपुर प्रखंड क्षेत्र में जमकर बारिश हुई है।
हिरणपुर
प्रखंड मुख्यालय सहित सुदूरवर्ती ग्रामीण इलाके में भी शुक्रवार की सुबह जमकर बारिश हुई। बरसात के पानी से खेत भर गया। मौसम ठंडा हो गया। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। लोगों ने बताया कि इस वर्ष मई माह में जमकर गर्मी नहीं पड़ी। अभी तक लोगों को बारिश के मौसम का सामना करना पड़ा।
पाकुड़िया
गर्मी के बीच शुक्रवार की दोपहर मौसम का मिजाज बदल गया। आसमान में काले बादल छा गए। जमकर बारिश हुई। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। किसानों के चेहरे खुशी से खिल गए।
विगत दो दिनों से प्रखंड क्षेत्र में चिलचिलाती धूप पड़ रही थी। शुक्रवार को मौसम सुहाना हो गया। दोपहर करीब 12 बजे हल्की फुहारों ने झमाझम बारिश का रूप धारण कर लिया। बारिश से जहां-तहां जल भराव हो गया। नालियों का कचरा सड़क पर आ गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।