सड़क पर आया पाकुड़ क्रिकेट संघ का विवाद, सचिव समेत तीन पदाधिकारियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन
Pakur Cricket Association Controversy: पाकुड़ जिला क्रिकेट संघ की कार्यशैली पर सवाल उठने के बाद सदस्यों ने पदाधिकारियों का पुतला फूंका।

उपाध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष का विरोध करते पाकुड़ क्रिकेट संघ के सदस्य। (फोटो जागरण)
HighLights
संघ के पदाधिकारियों का पुतला फूंका गया।
वित्तीय अनियमितता और मनमानी नियुक्तियों के आरोप लगे।
पुराने सदस्यों को मतदान अधिकार से वंचित किया गया।
जागरण संवाददाता, पाकुड़। पाकुड़ जिले में क्रिकेट के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी संभालने वाले पाकुड़ जिला क्रिकेट संघ की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में है।
संघ के कुछ सदस्यों और पूर्व क्रिकेटरों ने संघ के संचालन में कथित अनियमितता, वित्तीय पारदर्शिता की कमी, मनमाने तरीके से आजीवन सदस्य बनाए जाने तथा चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
विरोध कर रहे सदस्यों का आरोप है कि संघ में लंबे समय से कुछ पदाधिकारियों का वर्चस्व कायम है और संगठन से जुड़े पुराने एवं सक्रिय क्रिकेटरों को धीरे-धीरे निर्णय प्रक्रिया से बाहर किया जा रहा है। अब मामला आर्थिक लेन-देन और सदस्यता के अधिकारों तक पहुंच गया है।
इसी कड़ी में संघ के कुछ सदस्यों ने मंगलवार की देर शाम शहर के गांधी चौक के पास पाकुड़ जिला क्रिकेट संघ के सचिव प्रणय तिवारी, उपाध्यक्ष श्रीपत कुमार और कोषाध्यक्ष गणपत कुमार का पुतला फूंका। साथ ही जमकर नारेबाजी की।
विरोध कर रहे सदस्यों ने बताया कि करीब 15-16 वर्ष पूर्व पाकुड़ जिला क्रिकेट संघ में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद तत्कालीन पुलिस अधीक्षक एवं संघ के अध्यक्ष रहे मयूर पटेल कन्हैया लाल के नेतृत्व में संघ को भंग कर नए सिरे से गठन किया गया था।
उस समय विरेंद्र पाठक को संघ का सचिव बनाया गया था। सदस्यों ने बताया कि वर्ष 2024-25 में विरेंद्र पाठक को झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन में एक पद मिलने के बाद उन्होंने जिला क्रिकेट संघ के सचिव पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद सचिव का पद रिक्त हो गया।
आरोप है कि इस रिक्त पद को भरने के लिए संघ के अन्य सदस्यों को विश्वास में लिए बिना तत्कालीन उपाध्यक्ष प्रणय तिवारी को मनमाने तरीके से सचिव बना दिया गया।
वहीं, उपाध्यक्ष का पद खाली होने पर संयुक्त सचिव श्रीपत कुमार को भी नए उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप दी गई। विरोध करने वाले सदस्यों का कहना है कि इन नियुक्तियों में पारदर्शी प्रक्रिया नहीं अपनाई गई।
18 लाख रुपये की आमदनी, 15 लाख खर्च का दावा
पूरे विवाद में सबसे गंभीर सवाल संघ के वित्तीय लेन-देन को लेकर उठाया गया। 12 नवंबर 2026 को आयोजित संघ की वार्षिक बैठक में नए द्वितीय उपाध्यक्ष प्रसन्ना मिश्रा ने जानकारी दी कि अप्रैल 2026 से संबंधित वित्तीय वर्ष में संघ को करीब 18 लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई है।
इसमें से 15 लाख रुपये से अधिक खर्च किए जाने की बात भी बताई गई। सवाल यह है कि जब संघ की ओर से इस दौरान केवल एक से दो क्रिकेट आयोजन ही कराए गए, तो इतनी बड़ी राशि आखिर किन मदों में खर्च की गई?
विरोध कर रहे सदस्यों का दावा है कि बैठक में खर्च का विवरण तो बताया गया, लेकिन संबंधित बिल-वाउचर और भुगतान से जुड़े दस्तावेज सदस्यों के सामने प्रस्तुत नहीं किए गए।
पुराने क्रिकेटर सदस्य, लेकिन वोट देने का अधिकार नहीं
संघ में सदस्यता और मतदान के अधिकार को लेकर भी विवाद गहराता जा रहा है। विरोध कर रहे पूर्व क्रिकेटरों का आरोप है कि संघ से वर्षों से जुड़े खिलाड़ियों और सदस्यों को केवल नाममात्र का सदस्य बनाकर रखा गया है।
उन्हें संघ के चुनाव और महत्वपूर्ण निर्णयों में भाग लेने का अधिकार नहीं दिया जा रहा है। 12 नवंबर को हुई वार्षिक बैठक में पुराने सदस्यों को बताया गया कि वे संघ के सदस्य तो हैं, लेकिन किसी भी चुनाव या मतदान प्रक्रिया में हिस्सा नहीं ले सकते। इस फैसले ने पुराने क्रिकेटरों की नाराजगी बढ़ा दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।