Gehu Ki Kheti: गेहूं की खेती से होगा डबल मुनाफा, खिलेगा किसानों को चेहरा; इस योजना का उठाएं लाभ
पाकुड़ जिले में किसान गेहूं की खेती को बढ़ावा दे रहे हैं। कृषि विभाग ने किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए 499 क्विंटल गेहूं का बीज वितरित किया है। अनुकूल मौसम के कारण अच्छी पैदावार की उम्मीद है। किसानों ने खेती शुरू कर दी है। बता दें कि जिले में 9000 हेक्टेयर में गेहूं की खेती का लक्ष्य निर्धारित किया गया था।

गणेश पांडेय, पाकुड़। कृषि विभाग गेहूं की खेती के लिए किसानों को प्रोत्साहित करने का काम कर रहा है। धानकटनी के बाद कृषकों ने जिलेभर में गेहूं की खेती शुरू कर दी है। इसबार खेतों में नमी के कारण गेहूं की अच्छी पैदावार होने की संभावना है। वातावरण अनुकूल रहने कारण किसानों में उत्साह देखा जा रहा है। कृषि विभाग द्वारा बिरसा बीज विनिमय एवं वितरण योजना के अंतर्गत जिलेभर के करीब एक हजार किसानों के बीच 499 क्विंटल गेहूं का बीज वितरण कर चुका है।
जिले के किसानों ने सुविधानुसार खेती भी शुरू कर दी है। इस समय खेतों में गेहूं का बीज बोआई का कार्य चल रहा है। राष्ट्रीय बीज निगम लिमिटेड ने 50 फीसद अनुदान पर किसानों को गेहूं का बीज उपलब्ध कराया है। किसान मधु सरकार ने बताया कि इसबार खेतों में नमी है, इसलिए अच्छी पैदावार की संभावना है। कृषक कमल रजवाड़ ने बताया कि धानकटनी के बाद अधिकतर किसान गेहूं की खेती में जुट गए हैं।
तीन हजार हेक्टेयर में गेहूं की खेती
जिले में 9000 हेक्टेयर में गेहूं की खेती का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके एवज में किसानों ने अबतक 3359 हेक्टेयर में गेहूं की खेती शुरू की है। पाकुड़ व महेशपुर प्रखंड के गेहूं खेती का लक्ष्य अधिक है। इन प्रखंडों के किसानों ने गेहूं खेती में कम दिलचस्पी दिखा रहे हैं। कृषि विभाग के अनुसार, धानकटनी कार्य पूर्ण होने के बाद गेहूं खेती में तेजी आएगी।
लैंपसों के माध्यम से किसानों को मिला बीज
झारखंड सरकार के निर्देश पर राष्ट्रीय बीज निगम लिमिटेड ने कृषि विभाग को गेहूं का बीज उपलब्ध कराया था। कृषि विभाग ने संबंधित लैंपसों को समयानुसार बीज उपलब्ध करा दिया था। बीज वितरण करने वाले लैंपसों में पाकुड़िया, बन्नोग्राम, हिरणपुर, दमदमा तथा दिशोम एफपीओ लिट्टीपाड़ा शामिल है। लैंपसों ने अबतक लगभग एक हजार किसानों के बीच 50 फीसद अनुदान पर बीज उपलब्ध करा चुकी है। किसान कृषि कार्य में भी जुट गए हैं।
लैंपसों का नाम | आवंटित बीज | लाभुकों की संख्या |
पाकुड़िया | 99.60 (क्विंटल) | 241 |
बन्नोग्राम | 25.20 | 51 |
हिरणपुर | 199.60 | 341 |
दमदमा | 124.80 | 239 |
लिट्टीपाड़ा | 50.00 | 63 |
गेहूं खेती का लक्ष्य व उपलब्धि
(आंकड़ा : हेक्टेयर में)
प्रखंड का नाम | लक्ष्य | उपलब्धि |
पाकुड़ | 2200 | 802 |
हिरणपुर | 1500 | 700 |
लिट्टीपाड़ा | 800 | 250 |
अमड़ापाड़ा | 800 | 205 |
महेशपुर | 2200 | 1050 |
पाकुड़िया | 1500 | 352 |
किसानों को 50 फीसद अनुदान पर गेहूं का बीज उपलब्ध कराया गया है। किसानों ने खेती शुरू कर दी है। वर्तमान में मौसम अनुकूल है। -अरुण कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी, पाकुड़
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।