JNU Prof Vimol Akoijam के खिलाफ पाकुड़ में भाजपा का जोरदार प्रदर्शन, राहुल गांधी पर संरक्षण का आरोप
JNU Prof Vimol Akoijam: भाजपा महिला मोर्चा ने पाकुड़ में जेएनयू प्रोफेसर विमोल अकोइयाम के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप ...और पढ़ें
HighLights
पाकुड़ में भाजपा महिला मोर्चा का विरोध प्रदर्शन।
जेएनयू प्रोफेसर विमोल अकोइयाम पर यौन उत्पीड़न का आरोप।
राहुल गांधी पर आरोपी को संरक्षण देने का आरोप।
संवाद सहयोगी, पाकुड़। JNU Prof Vimol Akoijam Protest: एक दर्जन से अधिक छात्रों के यौन उत्पीड़न के आरोपी जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के प्रोफेसर और कांग्रेस सांसद प्रो. विमोल अकोइयाम के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा ने सोमवार को पाकुड़ में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर आरोपी को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू ने किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सांसद प्रो. विमोल अकोइयाम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।
विरोध मार्च डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्केट कॉम्प्लेक्स से निकला और मुख्य मार्ग से होते हुए अटल चौक स्थित कांग्रेस कार्यालय के समीप पहुंचा। यहां मार्च सभा में तब्दील हो गया। प्रदर्शन में भाजपा महिला मोर्चा की सदस्यों के साथ पार्टी के कई कार्यकर्ता शामिल हुए।
सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू ने कांग्रेस नेतृत्व पर महिला सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
उन्होंने राहुल गांधी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए पूछा कि महिला सम्मान और समानता की बात करने वाले कांग्रेस नेता इस मामले में क्या रुख अपनाते हैं। उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से भी इस मुद्दे पर अपना पक्ष स्पष्ट करने की मांग की।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि गंभीर आरोपों के मामले में कांग्रेस नेतृत्व को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक संबंधित सांसद अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, भाजपा महिला मोर्चा चरणबद्ध आंदोलन जारी रखेगा।
प्रदर्शन में मीरा प्रवीण सिंह, शर्मिला रजक, लक्ष्मी तुरी, प्राची चौधरी, पार्वती देवी, निधि गुप्ता, पूनम देवी, रश्मि भगत, पिंकी मंडल, सरिता मिश्रा, नीतू देवी, चाइना देवी, रूपेश भगत, अनुग्राहित प्रसाद साह, सोहन मंडल, हिसाबी राय, पंकज साह और जीतू सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
