लोहरदगा में टेंपो पलटने से एक की मौत, तीन घायल
टेंपो पलटने के कारण एक महिला मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन महिला मजदूर घायल हो गए।
जागरण संवाददाता, लोहरदगा। झारखंड में लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र के झालजमीरा-कोरांबे पथ में मुरपा डीकरा के समीप रविवार को टेंपो पलटने के कारण एक महिला मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन महिला मजदूर घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जाता है कि मुरपा गांव से टेंपो संख्या जेएच 08 सी-7314 में नौ मजदूर हर रोज की तरह मजदूरी के लिए लोहरदगा आ रहे थे। तभी मुरपा डीकरा के समीप टेंपो चालक झालजमीरा गांव निवासी मनसूल अंसारी टेंपो पर अपना नियंत्रण खो बैठा, जिससे टेंपो अनियंत्रित हो कर पलट गई। इस घटना में मुरपा गांव निवासी धर्मदेव उरांव की पत्नी महिला मजदूर कुंती उरांव (28), बुधराम उरांव की पत्नी हीरा उरांव (42), स्व. अमृत उरांव की पुत्री सुनिता उरांव (28) और सत्यदेव उरांव की पत्नी फूलमनी उरांव (30) गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां कुंती को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटनी की जानकारी मिलने पर प्रखंड प्रमुख कलावती देवी सहित कई लोग सदर अस्पताल पहुंचे। घटना को लेकर पुलिस से पीड़ित और परिजनों का बयान लिया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।