AI से खिलाड़ियों के सिर से बाल गायब कर तस्वीर वायरल! लोहरदगा में तनाव, लाठी-टांगी लेकर आमने-सामने आए दो गांव
लोहरदगा के कैरो में गोपालगंज और महुवरी गांवों के बीच खेल मैदान को लेकर हुए विवाद ने शुक्रवार को हिंसक ...और पढ़ें

कैरो में खेल मैदान को लेकर दो गांवों में विवाद। जागरण
HighLights
कैरो में खेल मैदान को लेकर दो गांवों में विवाद।
लाठी-डंडे लेकर पहुंचे ग्रामीणों को पुलिस ने शांत कराया।
संवाद सूत्र, कैरो (लोहरदगा)। लोहरदगा जिले के कैरो थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालगंज गांव स्थित खेल मैदान शुक्रवार को रणक्षेत्र में बदल गया। मैदान में सैकड़ों ग्रामीण लाठी-डंडे व टांगी लेकर पहुंचे थे। महुवरी व गोपालगंज गांव के ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की व तु-तू मैं-मैं शुरू हुई, लेकिन पुलिस की तत्परता से बड़ी घटना होने से पहले टल गई। ग्रामीण अपने-अपने हाथों में लाठी-डंडे लिए हुए थे।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही दलबल के साथ कैरो थाना प्रभारी रवि रंजन कुमार, एसआई अमित कुमार मुर्मू, एएसआई रंजन सिंह, गुड्डू शर्मा, दिलीप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जिसके बाद ग्रामीणों से बातचीत कर मामला शांत कराया। महुवरी के ग्रामीणों का कहना है कि खेल मैदान का जमीन उनका है। जबकि गोपालगंज के ग्रामीणों का कहना है कि वह जमीन उनका है। जिसे लेकर विगत कई वर्षों से दोनों गांवों के बीच विवाद चलता आ रहा है।
इससे पहले भी खेल मैदान को लेकर महुवरी व गोपालगंज गांव के ग्रामीणों के बीच कई बार हल्की-फुल्की विवाद हो चुकी है। मामले में कैरो थाना प्रभारी रवि रंजन कुमार का कहना है कि सभी बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है। अंचल से खेल मैदान के जमीन की जानकारी ली जा रही है।
खेल मैदान को महुवरी के ग्रामीणों द्वारा ट्रैक्टर से जुताई करने की शिकायत सामने आई है। जिसकी जांच पड़ताल की जा रही है, जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोषियों पर निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।

विवाद बढ़ने का क्या था कारण?
कैरो थाना क्षेत्र के गोपालगंज गांव में विगत गुरुवार को फुटबाल प्रतियोगिता का फाइनल मैच हुआ। जिसमें महुवरी गांव के खिलाड़ियों ने भी भाग लिया था। महुवरी गांव के ग्रामीणों व खिलाड़ियों का आरोप है कि गोपालगंज के कुछ युवकों द्वारा कुछ खिलाड़ियों का एआई के माध्यम से सिर से बाल हटाकर तस्वीर वायरल कर दिया गया। जिसके बाद महुवरी गांव के आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीणों ने शुक्रवार को खेल मैदान की जुताई कर दी।

महुवरी गांव के ग्रामीणों का कहना है कि खेल मैदान की जमीन उनकी है। अंचल अमीन दिनेश कुमार से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि खेल मैदान की जमीन अनावाद बिहार सरकार का है। महुवरी मौजा के खाता संख्या 135 व प्लाट संख्या 105 दर्ज है।
