Jharkhand Crime: लोहरदगा में पीएलएफआइ के पूर्व उग्रवादी की हत्या, तालाब में मिला शव
लोहरदगा जिला के सदर थाना क्षेत्र के भक्सो हर्रा टोली गांव में पीएलएफआइ के पूर्व उग्रवादी संजय भगत की हत्या कर दी गई। शव को पत्थर से बांध कर तालाब में डाल दिया गया था। संजय पीएलएफआइ का पूर्व उग्रवादी था। उसके खिलाफ लोहरदगा जिले के विभिन्न थानाें में मामले दर्ज थे।
जागरण संवाददाता, लोहरदगा। Jharkhand Crime News लोहरदगा जिला के सदर थाना क्षेत्र के भक्सो हर्रा टोली गांव निवासी पीएलएफआइ के पूर्व उग्रवादी संजय भगत की हत्या कर दी गई। उसका शव भक्सो हर्रा टोली स्थित तालाब से सोमवार को बरामद किया गया है।
संजय भगत की हत्या कर शव को पत्थर से बांध कर तालाब में डाल दिया गया था। सोमवार को तालाब की ओर गए ग्रामीणों की इस पर नजर पड़ी। शव देखने के बाद लोगों ने सदर थाना पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के उपरांत स्वजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई कर रही है। संजय PLFI पीएलएफआइ का पूर्व उग्रवादी था।
उसके खिलाफ विभिन्न थानाें में मामले दर्ज थे। वह जेल भी जा चुका है। हाल में ही वह जेल से बाहर आया था। हत्या के पीछे स्वजन जमीन विवाद बता रहे हैं।
लोहरदगा जिला के सदर थाना क्षेत्र के भोक्ता हर्रा टोली गांव निवासी स्वर्गीय लक्ष्मण भगत का पुत्र संजय भगत पीएलएफआइ में सक्रिय रह चुका है। वह रांची और लोहरदगा के अलग-अलग तीन मामलों में जेल गया था।
शुक्रवार से वह घर से लापता था। उसे लेकर घर वालों ने सदर थाना पुलिस को शनिवार को सूचना दी थी। इसी बीच सोमवार को भक्सो तालाब से संजय का शव बरामद किया गया। पुलिस ने मामले में प्रथम दृष्टया हत्या की बात कही है।
संजय को सदर थाना पुलिस ने छह जनवरी 2021 को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उसके खिलाफ लोहरदगा थाना में कांड संख्या 239/20 दर्ज था। डेढ़ वर्ष पहले रांची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
वर्ष 2016 में भी लोहरदगा सदर थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि संजय की हत्या किसने की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रथम दृष्टया हत्या की बात सामने आ रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
-सादिक अनवर रिजवी, लोहरदगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।