'नक्सली सरेंडर करें या गोली खाकर गंवाएं जान', आईजी ने दे दी फाइनल वार्निंग
लातेहार में आईजी सुनील भास्कर ने नक्सलियों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाएं अन्यथा परिणाम भुगतने को तैयार रहें। एसपी कुमार गौरव के नेतृत्व में पुलिस की सफलता की सराहना की गई। गिरफ्तार नक्सली कुंदन और मनीष पर कई मामले दर्ज हैं और वे कई हमलों में शामिल थे जिनमें पुलिसकर्मी शहीद हुए थे।
संवाद सूत्र, महुआडांड़ (लातेहार)। पलामू प्रक्षेत्र के आईजी सुनील भास्कर ने कहा कि नक्सली और समाज की मुख्यधारा से अलग हुए अन्य उग्रवादी सरकार की आत्मसमर्पण व पुर्नवास नीति का लाभ लेकर सरेंडर नहीं करेंगे तो वे गोली खाने के लिए तैयार रहें।
आईजी सोमवार को महुआडांड़ अनुमंडल क्षेत्र के बांसकरचा पुलिस पिकेट में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के नेतृत्व में एक सुनियोजित तरीके से ऑपरेशन चलाया गया और पुलिस को यह सफलता हासिल हुई है।
लातेहार एसपी की प्रशंसा करते हुए कहा कि लातेहार पुलिस ने हाल के दिनों में कई बड़ी सफलताएं हासिल की हैं।
डीआईजी वाईएस रमेश ने कहा कि गिरफ्तार किया गया नक्सली कुंदन पिछले 10-12 वर्षों से संगठन में था। उस पर कुल 27 मामले दर्ज हैं, जबकि मनीष यादव पर लातेहार, पलामू, गढ़वा व छत्तीसगढ़ के विभिन्न थाना में 40 मामले दर्ज हैं।
उन्होंने बताया कि दोनों साल 2013 में हुए कटिया मुठभेड़ में शामिल थे। इसमें पुलिस के दस जवान शहीद हो गए थे। इसके अलावा 2019 के चुनाव के समय चंदवा के लुकइया में पुलिस दल पर माओवादियों ने हमला किया था, इसमें चार पुलिस कर्मी शहीद हुए थे।
भंडरिया में 2018 में पुलिस कैंप में माओवादियों के द्वारा हमला किया गया था, उसमें छह जवान शहीद हो गए थे उस घटना में भी ये दोनों शामिल थे।
पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने बताया कि लातेहार पुलिस लगातार नक्सल विरोधी अभियान चला रही है और एक योजना एवं रणनीति के तहत कार्य किया जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से ही दौना क्षेत्र की घेराबंदी की जा रही थी। एसपी ने बताया कि यह घटना माओवादियों के लिए बहुत बड़ी क्षति है।
छोटू खरवार के बाद कुंदन खरवार व मनीष यादव ही संगठन को चला रहे थे। प्रेस वार्ता में अभियान एसएसपी राहुल बड़ाईक, एसडीपीओ शिवपूजन बहेलिया, महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार, बारेसांढ़ थाना प्रभारी प्रभात कुमार समेत कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।