80 हजार रुपए वापस नहीं मिलने पर फूंक दिया पिकअप, रांची से गिरफ्तार हुआ आरोपी
लातेहार में 80 हजार रुपये के विवाद में पिकअप वाहन जलाने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। रांची से आरोपी अशोक कुमार यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया, जिसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

रांची से आरोपी अशोक कुमार यादव गिरफ्तार। (फोटो- जागरण)
HighLights
80 हजार रुपये के विवाद में पिकअप जलाई गई।
रांची से आरोपी अशोक कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया।
जागरण संवाददाता, लातेहार। जिले के गारू थाना क्षेत्र के सरयू प्रखंड अंतर्गत तेतरटोला में पिकअप वाहन जलाने मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वाहन मालिक रामधनी उरांव के पिकअप (जेएच-03डब्ल्यू-3871) में 24 नवंबर की रात अज्ञात अपराधियों ने आग लगा दी थी।
इस मामले में पुलिस ने रांची के रातू रोड स्थित शिव दुर्गा मंदिर लेन के पास से आरोपी अशोक कुमार यादव (26), निवासी सराडु, टंडा, चतरा को गिरफ्तार किया है। उसे शुक्रवार को जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, घटना को लेकर गारू थाना कांड संख्या 25/26 दर्ज की गई थी।
पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर गठित छापामारी दल ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने वाहन जलाने की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल पेट्रोल की बोतल, माचिस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा के ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ने वाहन मालिक की बहू को 80 हजार रुपए दिए थे। काफी समय बीतने के बाद भी पैसे वापस नहीं मिलने से वह नाराज था। इसी गुस्से में उसने पिकअप वाहन में आग लगा दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।