विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के ईंट-भट्ठे पर बंधक बने लातेहार के 6 मजदूर, मोबाइल छीनकर की जा रही मारपीट; स्वजनों ने DC से लगाई गुहार

Published: Fri, 27 Nov 2026 11:12 PM (IST)

लातेहार के छह मजदूर बिहार के वैशाली जिले में एक ईंट-भट्ठे पर बंधक बनाए गए हैं। 

लातेहार के छह मजदूर बिहार में बनें बंधक। (AI Generated Image)

लातेहार के छह मजदूर बिहार में बनें बंधक। (AI Generated Image)

HighLights

  1. लातेहार के छह मजदूर बिहार के ईंट-भट्ठे पर बंधक।

  2. मोबाइल छीने गए, घर लौटने पर मारपीट का आरोप।

  3. परिजनों ने उपायुक्त से मजदूरों की रिहाई की गुहार लगाई।

जागरण संवाददाता, लातेहार। परिवार का पेट पालने और दो पैसे कमाने की उम्मीद लेकर दूसरे प्रदेश गए छह मजदूरों की जिंदगी ईंट-भट्ठे पर कैद होकर रह गई है।

रोजी-रोटी की तलाश में बिहार गए लातेहार के इन मजदूरों के हाथों में काम तो आया, लेकिन अब उनके पैरों में कथित रूप से बेबसी की बेड़ियां डाल दी गई हैं।

मोबाइल छीन लिए गए हैं, घरवालों से बातचीत बंद करा दी गई है और घर लौटने की गुहार लगाने पर मारपीट किए जाने का आरोप है।

मजदूरों की इस दुर्दशा की खबर गांव पहुंची तो स्वजन परेशान हो उठे। मामले में उपायुक्त संदीप कुमार से लिखित शिकायत कर सकुशल रिहाई की गुहार लगाई गई है। डीसी ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए श्रम अधीक्षक को तत्काल जांच का निर्देश दिया है।

ठेकेदार ने भट्ठे पर भेजा, फिर शुरू हुआ कथित प्रताड़ना का दौर

चंदवा थाना क्षेत्र के रुद बरवाटोली गांव निवासी रेजिना खातून और अफसुन खातून ने शिकायत में बताया कि जीशान परविया, नईमा खातून, सदिना खातून, बाबूलाल, झुबली खातून और तकली खातून मजदूरी करने बिहार के वैशाली जिले के बसली स्थित ईंट-भट्ठे पर गए थे।

शुरुआत में मजदूर अपने परिवार के लोगों से फोन पर बातचीत करते थे और घर खर्च के लिए पैसे भी भेजते थे। बाद में ठेकेदार ने उन्हें ईंट-भट्ठे पर काम करने भेज दिया।

वहां पहुंचने के बाद उनकी मुश्किलें बढ़ गईं। आरोप है कि भट्ठा मालिक ने सभी को बंधक बना लिया। उनके मोबाइल छीन लिए गए और घर लौटने की अनुमति भी बंद कर दी गई।

विरोध करने पर मारपीट की जाती है। खाने-पीने और स्वजनों से बातचीत करने पर भी पाबंदी लगा दी गई है।

चोरी-छिपे मिली सूचना, अब प्रशासन से आस

रेजिना खातून ने बताया कि उनके पुत्र-पुत्रवधू समेत गांव के छह लोग मजदूरी करने बिहार गए थे। किसी तरह मजदूरों ने चोरी-छिपे अपने स्वजनों तक अपनी परेशानी पहुंचाई। इसके बाद परिवार के लोग मदद की गुहार लेकर उपायुक्त के पास पहुंचे।

मामले की जांच कराई जा रही है: उपायुक्त

उपायुक्त संदीप कुमार ने बताया कि चंदवा के बरवाटोली गांव के छह मजदूरों को वैशाली जिले के ईंट-भट्ठे पर ले जाकर प्रताड़ित करने की शिकायत मिली है।

श्रम अधीक्षक को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। जरूरत पड़ने पर वैशाली के जिलाधिकारी से संपर्क कर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से मजदूरों की सकुशल रिहाई सुनिश्चित कराने की पहल की जाएगी।

यह भी पढ़ें- लातेहार में मॉडल डेयरी लिख रही आत्मनिर्भरता की कहानी, 10 गायों से हर महीने 1 लाख का दूध कारोबार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।