विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लातेहार: बेतला के जंगलों में अब ट्रेन की आहट! गांवों में पहुंची रेलवे की टीम; सर्वे शुरू होते ही बढ़ी ग्रामीणों की उम्मीद

Published: Thu, 26 Nov 2026 08:50 AM (IST)

बेतला में प्रस्तावित रेलवे परियोजना को लेकर जमीनी स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। ट्रैक एंड टावर्स कंपनी के कर्मी गांवों में सर्वेक्षण कर ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर रहे हैं। वन विभाग और अंचल प्रशासन भी सक्रिय हो गया है।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।

HighLights

  1. बेतला रेलवे परियोजना का जमीनी सर्वेक्षण शुरू हो गया है।

  2. ट्रैक एंड टावर्स कंपनी ग्रामीणों से संवाद कर रही है।

उत्कर्ष पाण्डेय, लातेहार। बेतला के जंगलों में इन दिनों वन्यजीवों की हलचल के साथ रेलवे की गतिविधियां भी बढ़ गई हैं। अब तक रेल परियोजना को लेकर चर्चाओं और संभावनाओं का दौर चल रहा था, लेकिन अब इसकी तैयारी गांवों और जमीन तक पहुंचने लगी है। रेलवे से जुड़ी कंपनी के कर्मियों की क्षेत्र में आवाजाही बढ़ गई है।

प्रस्तावित रेल लाइन, स्टेशन भवन और आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) निर्माण को लेकर सर्वेक्षण और स्थानीय स्तर पर संवाद की प्रक्रिया तेज हो गई है। इससे साफ है कि बेतला रेलवे परियोजना को लेकर प्रारंभिक स्तर पर जमीनी तैयारी आगे बढ़ रही है।

गांवों में पहुंच रही टीम, जमीन पर जुटाई जा रही जानकारी

क्षेत्र में रेलवे परियोजना पर काम कर रही ट्रैक एंड टावर्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के प्रोजेक्ट आफिसर रमेश जेला व लाइजन आफिसर प्रकाश तिवारी के नेतृत्व कर्मियों ने ग्रामीणों से संपर्क करना शुरू कर दिया है। कंपनी के प्रतिनिधि गांवों में पहुंचकर लोगों से बातचीत कर रहे हैं। प्रस्तावित निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। सर्वेक्षण के माध्यम से क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और निर्माण से संबंधित जरूरी जानकारियां एकत्र की जा रही हैं।

इस गतिविधि ने ग्रामीणों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। लोग यह जानने को उत्सुक हैं कि रेल लाइन का स्वरूप कैसा होगा, स्टेशन कहां विकसित होगा और निर्माण कार्य की प्रक्रिया कब आगे बढ़ेगी। रेलवे की टीम की लगातार सक्रियता से अब लोगों को परियोजना के अगले चरण का इंतजार है।

जंगल का भूगोल व प्रशासनिक समन्वय बड़ी कसौटी

बेतला की भौगोलिक स्थिति इस परियोजना को खास बनाती है। यह क्षेत्र पलामू टाइगर रिजर्व और वन क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। ऐसे में रेल परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए तकनीकी सर्वेक्षण के साथ वन क्षेत्र से जुड़े प्रावधानों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं का समन्वय भी महत्वपूर्ण होगा। इसी को देखते हुए वन विभाग की टीम भी सक्रिय है। प्रखंड सह अंचल कार्यालय की ओर से भी आवश्यक स्तर पर गतिविधियां बढ़ाई गई हैं।

रेलवे परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर संबंधित विभागों की सक्रियता से यह संकेत मिल रहा है कि जमीन पर काम आगे बढ़ाने के लिए अलग-अलग स्तरों पर तैयारी की जा रही है।

ग्रामीणों की निगाहें अब सर्वे से निर्माण तक

बेतला और आसपास के ग्रामीणों के लिए रेलवे परियोजना महज एक आधारभूत संरचना का निर्माण भर नहीं है। इससे उनकी वर्षों पुरानी आवागमन संबंधी परेशानी दूर होने की उम्मीद जुड़ी है। फिलहाल ट्रेन पकड़ने के लिए लोगों को बरवाडीह जाना पड़ता है। पर्यटकों को भी डालटनगंज रेलवे स्टेशन पर उतरकर सड़क मार्ग से बेतला पहुंचना पड़ता है।
परियोजना के निर्माण चरण में स्थानीय मजदूरों को काम मिलने की संभावना भी महत्वपूर्ण है।

योग्य युवाओं के लिए अस्थायी रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं। इससे रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर जाने वाले ग्रामीणों को अपने क्षेत्र में काम मिलने की उम्मीद जगेगी। फिलहाल बेतला में रेलवे की बढ़ती गतिविधियों ने परियोजना को लेकर नई उम्मीद पैदा कर दी है।

अब सबसे अहम सवाल सर्वेक्षण के बाद की प्रक्रिया, विभागीय समन्वय और निर्माण की समयसीमा को लेकर है। ग्रामीणों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सर्वे की हलचल कब वास्तविक निर्माण की आवाज में बदलेगी। 

यह भी पढ़ें- मांदर की थाप और अखड़ा की रौनक! लातेहार में शुरू हुआ सोहराई व जतरा मेले का दौर, झूम उठे झारखंड के गांव

यह भी पढ़ें- डालटनगंज एयरपोर्ट से चमकेगा लातेहार, हवाई कनेक्टिविटी से नेतरहाट-बेतला में पर्यटन को उड़ान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।