मांदर की थाप और अखड़ा की रौनक! लातेहार में शुरू हुआ सोहराई व जतरा मेले का दौर, झूम उठे झारखंड के गांव
दीपावली के बाद लातेहार के गांवों में सोहराई और जतरा मेलों का दौर शुरू हो गया है, जहां मांदर की ...और पढ़ें

मांदर की थाप और अखड़ा की रौनक (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
दीपावली के बाद लातेहार में सोहराई और जतरा मेलों का आरंभ हुआ।
मांदर की थाप पर पारंपरिक नृत्य और लोकगीतों से गांव जीवंत।
यह उत्सव खेती, पशुधन और सामुदायिक एकजुटता का प्रतीक है।
उत्कर्ष पाण्डेय, लातेहार। दीपावली के दीये बुझते ही लातेहार के गांवों में सोहराई का उल्लास परवान चढ़ने लगा है। इसी के साथ गांव-गांव जतरा मेलों का दौर भी शुरू हो गया है। कहीं मांदर की गूंज सुनाई दे रही है, तो कहीं नगाड़े की थाप पर पारंपरिक नृत्य की तैयारियां चल रही हैं।
गांवों की पगडंडियों से होकर जतरा पहुंचते ग्रामीणों के चेहरे पर उत्साह है। पारंपरिक वेशभूषा में सजे युवक-युवतियां, बुजुर्गों की टोली और मेले की ओर बढ़ते बच्चों के कदम ग्रामीण संस्कृति की एक खूबसूरत तस्वीर पेश कर रहे हैं।
यहां जतरा का अर्थ केवल मेला घूमना और खरीदारी करना भर नहीं है। यह पुरखों से मिली उस परंपरा का उत्सव है, जिसमें खेती, पशुधन, प्रकृति, लोकगीत, नृत्य और सामूहिक जीवन एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं।
अखड़ा की मिट्टी पर थिरकते हैं परंपरा के कदम
जतरा की सबसे बड़ी पहचान उसका अखड़ा और सामूहिक नृत्य है। मांदर की पहली थाप पड़ते ही युवक-युवतियों के कदम अपने आप थिरकने लगते हैं। एक-दूसरे के कंधे और हाथ थामकर कतारबद्ध होकर किया जाने वाला सामूहिक नृत्य ग्रामीण समाज की एकजुटता का प्रतीक है।
मांदर, नगाड़े और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन पर गाए जाने वाले लोकगीतों में प्रकृति, खेती-किसानी, प्रेम, ऋतु परिवर्तन और सामाजिक रिश्तों की अभिव्यक्ति होती है। गीतों की पंक्तियां एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचती रही हैं। बुजुर्गों के साथ नृत्य में शामिल नई पीढ़ी इस विरासत को अपने अनुभव का हिस्सा बना रही है।
खेती और पशुधन से जुड़ी है जतरा की परंपरा
सोहराई और जतरा का संबंध ग्रामीण जीवन की उस परंपरा से है, जिसमें खेती और पशुधन को विशेष महत्व दिया जाता है। खेतों में फसल तैयार होने के बाद किसान अपने पशुधन के प्रति आभार जताते हैं। गाय-बैलों को नहलाने, उनके सींगों को रंगने, गले में घंटियां और सजावटी रस्सियां पहनाने तथा पारंपरिक तरीके से पूजा करने की परंपरा आज भी ग्रामीण क्षेत्रों में दिखाई देती है।
घरों की लिपाई-पुताई और दीवारों पर प्राकृतिक रंगों से चित्रकारी भी इस पर्व की सांस्कृतिक पहचान है। इन्हीं परंपराओं के उल्लास को जतरा सामूहिक उत्सव का रूप देता है।
रिश्तों की डोर मजबूत करता है जतरा
जतरा ग्रामीण समाज का पारंपरिक मिलन स्थल भी है। आसपास के गांवों के लोग एक जगह जुटते हैं। पुराने परिचितों से मुलाकात होती है। रिश्तेदारों और मित्रों के साथ समय बिताने का अवसर मिलता है। कई जगह जतरा के दौरान पारंपरिक खानपान, घरेलू उपयोग की वस्तुओं, कृषि उपकरणों, खिलौनों और मिठाइयों की दुकानें सजती हैं।
स्थानीय दुकानदारों और छोटे कारोबारियों के लिए भी यह अपनी वस्तुओं की बिक्री का अवसर होता है। बच्चों के लिए झूले और खिलौने आकर्षण का केंद्र बनते हैं, तो बुजुर्गों के लिए जतरा पुरानी यादों को फिर से जीने का अवसर बन जाता है।
आधुनिकता के बीच बची हुई है पुरखों की पहचान
मोबाइल और इंटरनेट के बढ़ते प्रभाव के बीच भी जतरा की लोकप्रियता ग्रामीण संस्कृति की मजबूती का प्रमाण है। नई पीढ़ी जब अपने बुजुर्गों के साथ अखड़ा पहुंचती है, मांदर की थाप पर नृत्य करती है और पारंपरिक लोकगीतों को सुनती है, तब संस्कृति का हस्तांतरण सहज रूप से होता है। इसके लिए किसी पाठशाला की जरूरत नहीं पड़ती।
गांव का अखड़ा, मांदर की आवाज और जतरा का सामूहिक वातावरण ही परंपरा की सबसे बड़ी पाठशाला बन जाता है। सोहराई जहां खेती और पशुधन के प्रति कृतज्ञता का भाव जगाता है, वहीं जतरा उस खुशी को पूरे गांव के साथ साझा करने का अवसर देता है। यही वजह है कि समय बदलने के बाद भी जतरा की परंपरा ग्रामीण जीवन की धड़कन बनी हुई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।