Indian Railway: कोडरमा से राजगीर और पटना का सफर हुआ आसान, एक्सप्रेस ट्रेन सेवा को मिला विस्तार
राजगीर–दानापुर–राजगीर एक्सप्रेस का विस्तार अब कोडरमा जंक्शन तक कर दिया गया है। इस नई सुविधा की शुरुआत शुक्रवार को कोडरमा जंक्शन पर सहायक वाणिज्य प्रबंधक सुनील कुमार पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर सदस्य रामरतन महर्षि स्टेशन प्रबंधक विकास कुमार संतोष कुमार चंद्रशेखर जोशी चंद्रभूषण साव सहित अन्य गणमान्य लोगों ने हरी झंडी दिखाकर की।

संवाद सहयोगी, झुमरीतिलैया (कोडरमा)। यात्रियों की सुविधा एवं क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए राजगीर–दानापुर के बीच चल रही गाड़ी संख्या 13233/13234 राजगीर–दानापुर–राजगीर एक्सप्रेस का विस्तार अब कोडरमा जंक्शन तक कर दिया गया है।
इस नयी सुविधा की शुरुआत शुक्रवार को कोडरमा जंक्शन पर सहायक वाणिज्य प्रबंधक सुनील कुमार, पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर सदस्य रामरतन महर्षि, स्टेशन प्रबंधक विकास कुमार, संतोष कुमार, चंद्रशेखर जोशी, चंद्रभूषण साव सहित अन्य गणमान्य लोगों ने हरी झंडी दिखाकर की।
कार्यक्रम के दौरान सहायक वाणिज्य प्रबंधक सुनील कुमार ने बताया कि लंबे समय से यात्रियों की मांग पर ट्रेन को विस्तार दिया गया है। अब राजगीर से कोडरमा व कोडरमा से दानापुर तक सीधा रेल सफर संभव होगा।
मजबूत होगा क्षेत्रीय कनेक्टिविटी
उन्होंने कहा कि यह निर्णय न सिर्फ यात्रियों की सुविधा को बढ़ाएगा बल्कि क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को भी मजबूत करेगा। वहीं वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक, धनबाद एवं वरीय जनसंपर्क अधिकारी इकबाल ने बताया कि कोडरमा से दानापुर तक अब निर्बाध रेल संपर्क उपलब्ध होगा।
13234 दानापुर–राजगीर–कोडरमा एक्सप्रेस दानापुर से सुबह 6.50 बजे खुलेगी, राजगीर होकर दोपहर 1.55 बजे कोडरमा पहुंचेगी 13233 कोडरमा–राजगीर–दानापुर एक्सप्रेस कोडरमा से दोपहर 2.40 बजे प्रस्थान करेगी।
राजगीर होकर रात 9.45 बजे दानापुर पहुंचेगी। इस दौरान गझंडी, गुरपा, पहाड़पुर, तिलैया, नातेश्वर, राजगीर, नालंदा, पावापुरी, बिहारशरीफ, रहुई रोड, वेना, हरनौत, बख्तियारपुर, करौटा, खुसरोपुर, फतुहा, पटना साहिब, गुलजारबाग, राजेंद्र नगर व पटना जंक्शन में ठहराव होगा।
इस अवसर पर रामरतन महर्षि ने कहा कि कोडरमा जंक्शन तक ट्रेन विस्तार से यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा। यह कदम क्षेत्रीय विकास और आमजन की सुविधा के लिए लाभदायक साबित होगा।
पहले कोडरमा राजगीर के बीच स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही थी। उस ट्रेन को रद कर दानापुर–राजगीर–कोडरमा एक्सप्रेस को विस्तार दिया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।