कोहरे की मार से थमेगी ट्रेनों की रफ्तार, फरवरी तक झारखंड में 20 जोड़ी ट्रेनें रहेंगी रद; यात्रियों की बढ़ेगी मुश्किल
रेलवे ने कोहरे के कारण सुरक्षित परिचालन के लिए तैयारी की है, जिसमें ट्रेनों की गति धीमी करना और लोको पायलटों को फाग सेफ्टी डिवाइस देना शामिल है। 1 दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक कोडरमा से गुजरने वाली 20 जोड़ी ट्रेनें पूरी तरह रद की गई हैं।

कोहरे के कारण कई ट्रेनें रद, यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी। (फोटो सोर्स- जागरण आर्काइव)
HighLights
कोहरे के कारण ट्रेनों की गति धीमी की जाएगी।
कोडरमा से 20 जोड़ी ट्रेनें रद, 26 के फेरे कम।
रविंद्र नाथ, कोडरमा। सर्दी के मौसम में घने कोहरे की आशंका को देखते हुए रेलवे ने सुरक्षित रेल परिचालन के लिए पूरी तैयारी की है। कोहरे के समय ट्रेनों को धीमी गति से चलाया जाएगा, वहीं लोको पायलट को फाग पास (फाग पायलट असिस्टेंट सिस्टम फार सेफ्टी) डिवाइस उपलब्ध कराए गए हैं।
पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर जोन के मुख्य जनसंपर्क पदाधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि 1 दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक कोडरमा जंक्शन होकर गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनों को रद किया गया है। कुल 20 जोड़ी ट्रेनों को पूरी तरह रद किया गया है, जबकि 26 जोड़ी ट्रेनों के परिचालन के दिनों में कटौती की गई है।
वहीं दो ट्रेनों को आंशिक रूप से रद किया गया है। इसका कोडरमा से दिल्ली, कोलकाता, जम्मूतवी के बीच सफर करने वाले यात्रियों पर अधिक पड़ेगा।
कोहरे के दौरान दृश्यता कम होने से ट्रेनों के परिचालन में होने वाली परेशानी और संभावित दुर्घटनाओं को देखते हुए रेलवे ने यह एहतियाती कदम उठाया है। ग्रैंड कार्ड रेलखंड के कोडरमा से गया की ओर जाने वाले हिस्से में कोहरे की स्थिति को देखते हुए ट्रेनों की गति नियंत्रित रखने की व्यवस्था की गई है।
कोडरमा से पहाड़पुर के बीच घाट सेक्शन में पहाड़ी और घने जंगलों के कारण कोहरा अधिक घना रहता है। इसे देखते हुए इस रेलखंड पर ट्रेनों को निर्धारित संरक्षा नियमों के अनुसार नियंत्रित गति से चलाने की तैयारी है।
15 नवंबर से हो रही विंटर पेट्रोलिंग
रेलवे प्रशासन ने कोहरे के दौरान सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित करने के लिए लोको पायलटों को फाग सेफ्टी डिवाइस उपलब्ध कराने और सिग्नलिंग व्यवस्था को दुरुस्त करने पर जोर दिया है। डिवाइस में जीपीएस लगा होता है, जिससे लोको पायलट को सिग्नल की दूरी की जानकारी मिलती रहती है।
साथ ही दृश्यता बहुत कम होने पर स्टेशन मास्टर फाग सिग्नल पोस्ट पर फागमैन को तैनात करता है। यह पोस्ट आमतौर पर पहले स्टॉप सिग्नल (आउटर या होम सिग्नल) से 270 मीटर पीछे होती है। वहीं ठंड के मौसम में रेल पटरियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए धनबाद रेल मंडल में 15 नवंबर से विंटर पेट्रोलिंग शुरू कर दी गई है।
सर्दी में तापमान में गिरावट के कारण पटरियों में दरार या अन्य तकनीकी समस्या आने की आशंका रहती है। ऐसे में पेट्रोलिंग के माध्यम से संभावित खामियों की समय रहते पहचान कर उन्हें दुरुस्त किया जा रहा है।
रद ट्रेनों से यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी
कोडरमा जंक्शन से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री दिल्ली, कोलकाता, जम्मुतवी, मुंबई, पटना, गयाजी और अन्य शहरों के लिए यात्रा करते हैं। लंबी दूरी की प्रमुख ट्रेनों के रद होने और फेरों में कटौती से यात्रियों के पास विकल्प सीमित हो जाएंगे। खासकर पहले से आरक्षित टिकट लेकर यात्रा की तैयारी कर चुके लोगों को अपनी योजना बदलनी पड़ सकती है। रद ट्रेनों के आरक्षित टिकटों पर नियमानुसार पूरा रिफंड मिलेगा।
हालांकि, लंबी दूरी की अधिकतर ट्रेनों में वेटिंग रहने के कारण दूसरी ट्रेनों में सीट मिलना यात्रियों के लिए चुनौती बनी हुई है। वहीं टिकटों की आनलाइन बुकिंग अधिक होने से काउंटर पर केवल तत्काल के समय ही यात्रियों की कतार लगती है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन के परिचालन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
विलंब से चल रहीं जम्मुतवी-दिल्ली से आने वाली ट्रेनें
सर्दी के मौसम में घने कोहरे के कारण कोडरमा जंक्शन से गुजरने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों के परिचालन पर भी असर पड़ रहा । कोहरे में सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ट्रेनों की गति नियंत्रित रखी जाती है। ऐसे में दिल्ली से कोडरमा की ओर आने वाली राजधानी समेत अन्य ट्रेनें विलंब से पहुंच रही हैं।
रविवार को राजधानी ट्रेनें करीब 15 मिनट, हावड़ा अमृत भारत एक्सप्रेस करीब तीन घंटे, दिल्ली-धनबाद स्पेशल करीब दो घंटे देरी से कोडरमा पहुंची। रेलवे की ओर से विलंबित ट्रेनों की जानकारी यात्रियों को एसएमएस के माध्यम से उपलब्ध कराई जाती है। रेलवे ने अपील की है कि यात्रियों को घर से निकलने से पहले एनटीईएस या रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से ट्रेन की स्थिति जांच लें।
कोडरमा होकर गुजरने वाली प्रमुख रद ट्रेनें
पूरी तरह रद ट्रेनें
ट्रेन का नाम और नंबर | रद रहने की अवधि |
|---|---|
हावड़ा-देहरादून उपासना एक्सप्रेस (13035) | 1 दिसंबर 2026 से 26 फरवरी 2027 |
देहरादून-हावड़ा उपासना एक्सप्रेस (13036) | 2 दिसंबर 2026 से 27 फरवरी 2027 |
वीरांगना लक्ष्मीबाई-कोलकाता एक्सप्रेस (22198) | 4 दिसंबर 2026 से 26 फरवरी 2027 |
कोलकाता-वीरांगना लक्ष्मीबाई एक्सप्रेस (22197) | 6 दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 |
सांतरागाछी-आनंद विहार एक्सप्रेस (22857) | 7 दिसंबर 2026 से 22 फरवरी 2027 |
आनंद विहार-सांतरागाछी एक्सप्रेस (22858) | 8 दिसंबर 2026 से 23 फरवरी 2027 |
सप्ताह के निर्धारित दिनों में नहीं चलेंगी
- अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस (12988) : 1 दिसंबर 2026 से 27 फरवरी 2027 तक प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और शनिवार।
- सियालदह-अजमेर एक्सप्रेस (12987) : 2 दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार और रविवार।
- अमृतसर एक्सप्रेस (12357) : 5 दिसंबर 2026 से 27 फरवरी 2027 तक प्रत्येक शनिवार।
- अमृतसर-कोलकाता एक्सप्रेस (12358) : 7 दिसंबर 2026 से 1 मार्च 2027 तक प्रत्येक सोमवार।
आंशिक रूप से रद रहेंगी।
- हावड़ा-मथुरा चंबल एक्सप्रेस (12177) : 4 दिसंबर 2026 से 26 फरवरी 2027 तक आगरा कैंट और मथुरा जंक्शन के बीच रद।
- मथुरा-हावड़ा चंबल एक्सप्रेस (12178) : 7 दिसंबर 2026 से 22 फरवरी 2027 तक मथुरा जंक्शन और आगरा कैंट के बीच रद।
यह भी पढ़ें- कोहरे के चलते दिसंबर से फरवरी तक 18 ट्रेन पर पड़ेगा असर, पूर्वोत्तर रेलवे ने 12 ट्रेनों को किया निरस्त
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।