झूले-खिलौने और रंगीन क्लासरूम में होगी पढ़ाई, कोडरमा के 20 आंगनबाड़ी केंद्र बनेंगे आधुनिक खेल विद्यालय
झारखंड सरकार कोडरमा और खूंटी जिलों में 20 आंगनबाड़ी केंद्रों को आधुनिक खेल विद्यालयों के रूप में विकसित करेगी। यह पायलट परियोजना प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और शिक्षा को मजबूत करने के लिए खेल-आधारित शिक्षण और बेहतर सुविधाएं प्रदान करेगी।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।
HighLights
20 आंगनबाड़ी केंद्र बनेंगे आधुनिक खेल विद्यालय।
बच्चों के लिए खेल सामग्री, झूले, खिलौने उपलब्ध होंगे।
संवाद सहयोगी, झुमरीतिलैया (कोडरमा)। झारखंड में प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार 20 आंगनबाड़ी केंद्रों को आधुनिक खेल विद्यालय के रूप में विकसित करेगी। पायलट प्रोजेक्ट के तहत कोडरमा और खूंटी जिले का चयन किया गया है। योजना की तैयारियों को लेकर समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास विभाग की निदेशक किरण पासी ने ऑनलाइन समीक्षा बैठक की।
बैठक में कोडरमा के उप विकास आयुक्त रवि जैन, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कनक तिर्की और बाल विकास परियोजना पदाधिकारी रेखा रानी सहित अन्य प्रखंडों की सीडीपीओ शामिल हुईं। निदेशक ने कोडरमा जिले के लिए चयनित 20 केंद्रों की सूची 30 नवंबर तक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
योजना के तहत कोडरमा प्रखंड में सात, जयनगर में छह, डोमचांच में तीन तथा मरकच्चो और सतगावां में दो-दो केंद्रों का चयन किया जाएगा। इन केंद्रों में शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति भी होगी। फरवरी से इनके संचालन का लक्ष्य रखा गया है।
चित्रकारी और खेल सामग्री से सजेंगे केंद्र
चयनित केंद्रों की दीवारों पर वर्णमाला, गिनती, फल-फूल और पशु-पक्षियों से संबंधित शैक्षणिक चित्र बनाए जाएंगे। बच्चों के लिए झूले, खिलौने, रंग-बिरंगे मेज-कुर्सी और अन्य खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। स्वच्छ पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं भी सुनिश्चित होंगी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्हें खेल आधारित गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को पढ़ाने और उनके सर्वांगीण विकास में सहयोग करने के लिए तैयार किया जाएगा। योजना का उद्देश्य बच्चों को विद्यालय जाने से पहले खेल-खेल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर उनका शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास करना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।