विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पत्थर का कारोबार छोड़ थामा खेती का हाथ, कोडरमा के संत ने बंजर जमीन पर उगाई स्ट्रॉबेरी; 70 प्रतिशत पानी की बचत

Published: Wed, 25 Nov 2026 03:27 PM (IST)

डोमचांच के किसान संत कुमार मेहता ने आधुनिक तकनीक और जैविक तरीकों से बंजर जमीन को उपजाऊ बनाकर खेती में सफलता हासिल की है। ड्रिप इरिगेशन और मल्चिंग का उपयोग कर वे स्ट्रॉबेरी सहित कई फसलें उगा रहे हैं।

कोडरमा के संत कुमार मेहता आधुनिक तकनीक से कर रहे स्ट्रॉबेरी की खेती। (फोटो- जागरण)

कोडरमा के संत कुमार मेहता आधुनिक तकनीक से कर रहे स्ट्रॉबेरी की खेती। (फोटो- जागरण)

HighLights

  1. संत कुमार मेहता ने आधुनिक तकनीक से बंजर भूमि को उपजाऊ बनाया।

  2. ड्रिप इरिगेशन, मल्चिंग और सोलर सिंचाई का उपयोग कर रहे हैं।

संवाद सहयोगी, कोडरमा। नए प्रयोग और आधुनिक तकनीक अपनाकर कम जमीन से भी अच्छी कमाई की जा सकती
है। डोमचांच के किसान संत कुमार मेहता ने इसे साबित किया है। आठवीं पास संत ने ड्रिप इरिगेशन, मल्चिंग और सोलर सिंचाई की मदद से बंजर जमीन को उपजाऊ बनाया।

साल 2020 में पत्थर उद्योग छोड़कर खेती शुरू करने के बाद उन्हें जमीन तैयार करने में दो साल लगे। अब वे कई सब्जियों के साथ इस वर्ष करीब तीन कट्ठा जमीन पर स्ट्राबेरी उगा रहे हैं। उनकी सफलता आसपास के किसानों को फसल विविधीकरण, आधुनिक सिंचाई और जैविक तरीकों के लिए प्रेरित कर रही है।

नोएडा और शिमला में लिया प्रशिक्षण

खेती के नए तरीकों को सीखने के लिए संत ने कृषि विभाग की ओर से नोएडा, शिमला और अन्य कृषि संस्थानों में कृषि एवं बागवाणी का प्रशिक्षण लिया। उन्होंने देश के जाने-माने किसानों से भी आधुनिक खेती की बारीकियां सीखकर अपने खेतों में अपनाईं। जैविक तरीकों से उन्होंने बंजर जमीन को उपजाऊ बनाया। करीब 12 एकड़ जमीन की सिंचाई में अब पहले की तुलना में महज 30 प्रतिशत पानी लगता है।

संत के अनुसार, साल 2023 से पहले सिंचाई के लिए तीन जलस्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता था। ड्रिप इरिगेशन से अब एक ही जलस्रोत से काम चल जाता है।

एक खेत में कई फसलें: संत

धान, गेहूं, सरसों और आम के साथ स्ट्राबेरी, भिंडी, झींगा, मिर्च, कद्दू और करेला उगाते हैं। मौसम और फसल की जरूरत के अनुसार योजना बनाकर उन्होंने एक फसल पर निर्भरता कम की है। उनके खेत में फिलहाल आलू, गोभी, मटर, बोदी, टमाटर और मिर्च भी लगी है। वे तीन साल से स्ट्राबेरी की खेती कर रहे हैं और इससे अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं।

जैविक खाद का इस्तेमाल, कीटनाशक लगभग नहीं संत के मुताबिक, उनकी खेती पूरी तरह जैविक पद्धति पर आधारित है। खेतों की उर्वरा शक्ति बढ़ाने के लिए वे जैविक खाद, वर्मी कंपोस्ट और केंचुआ खाद का इस्तेमाल करते हैं। फसलों को कीटों से बचाने के लिए नीमास्त्र, ब्रह्मास्त्र और बीजा अमृत जैसे तरीके अपनाते हैं। कीटनाशकों का प्रयोग लगभग नहीं होता। उन्होंने आम की बागवानी भी शुरू की है।

शुरुआत से विभागीय मदद मिलती रही है, लेकिन उनकी जरूरत के मुताबिक नहीं। उत्पादों को अधिक समय तक सुरक्षित रखने के लिए उन्हें पैक हाउस यानी छोटे कोल्ड स्टोरेजकी जरूरत है।

परिवार का साथ, आधा दर्जन लोगों को रोजगार

कृषि प्रशिक्षण से अपनी जानकारी बढ़ाकर संत ने खेती को व्यवसाय का रूप दिया है।परिवार के सदस्य उनके काम में मदद करते हैं। खेती से आसपास के आधा दर्जन लोगों को भी रोजगार मिला है। संत की सब्जियां स्थानीय बाजार में उपलब्ध हैं। स्ट्राबेरी और सब्जियों की मांग फोन पर मिलने पर ग्राहक खेत से उपज लेकर बाजार पहुंचाते हैं। 

यह भी पढ़ें- बुआई का समय बीतने के बाद पहुंचा मसूर-मटर का बीज! भोजपुर में कृषि विभाग की लेटलतीफी से किसान परेशान

यह भी पढ़ें- मखाना और धान की पैदावार पर मंडराया खतरा! दरभंगा की मिट्टी में जिंक-बोरान की कमी; किसानों के लिए जरूरी टिप्स

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।