विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बुआई का समय बीतने के बाद पहुंचा मसूर-मटर का बीज! भोजपुर में कृषि विभाग की लेटलतीफी से किसान परेशान

Published: Wed, 25 Nov 2026 02:18 PM (IST)

भोजपुर में कृषि विभाग की लेटलतीफी से किसान परेशान हैं, क्योंकि अनुदानित बीज वितरण में भारी देरी हो रही है। मसूर और मटर के बीज बुआई का समय बीतने के बाद पहुंचे।

भोजपुर में कृषि विभाग की लेटलतीफी से किसान परेशान (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

भोजपुर में कृषि विभाग की लेटलतीफी से किसान परेशान (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. कृषि विभाग की लेटलतीफी से किसान अनुदानित बीज से वंचित।

  2. मसूर-मटर के बीज बुआई का समय बीतने के बाद पहुंचे।

  3. गेहूं के अनुदानित बीज उपलब्ध नहीं, किसान महंगे बीज खरीद रहे।

पंचायत सूत्र, करनामेपुर (शाहपुर)। प्रखंड में कृषि विभाग की लेटलतीफी किसानों पर भारी पड़ रही है। अनुदानित बीज वितरण की व्यवस्था में देरी के कारण करनामेपुर समेत आसपास के गांवों के किसानों को सरकारी योजना का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। 

स्थिति यह है कि दलहनी फसलों की बुआई का समय लगभग समाप्त होने के बाद प्रखंड में मसूर और मटर का बीज पहुंचा है। वहीं गेहूं की बुआई शुरू होने के बावजूद अब तक अनुदानित गेहूं का बीज उपलब्ध नहीं कराया गया है।

विभाग की ओर से चने का बीज उपलब्ध कराया गया

स्थानीय किसान देवमलपुर के मुन्ना मल्लाह, लालू डेरा के जितेंद्र यादव और खुटहा के हरेंद्र राय ने बताया कि इससे पहले कृषि विभाग की ओर से चने का बीज उपलब्ध कराया गया था। 

हालांकि अनुदान के बावजूद इसकी कीमत 68 रुपये प्रति किलो निर्धारित होने के कारण अधिकांश किसानों ने इसे खरीदने में रुचि नहीं दिखाई। नतीजतन किसानों ने गांव में उपलब्ध सामान्य बीज से ही बुआई कर दी। 

गेहूं की बुआई का कार्य तेजी से

किसानों का कहना है कि जब मसूर और मटर की बुआई का समय निकल गया। तब विभाग की ओर से इन फसलों का बीज उपलब्ध कराया गया है। ऐसे में इसका लाभ कितने किसानों को मिल पाएगा, यह सवाल बना हुआ है। 

दूसरी ओर क्षेत्र में गेहूं की बुआई का कार्य तेजी से चल रहा है। लेकिन अनुदानित गेहूं का बीज नहीं मिलने से किसानों को खुले बाजार से महंगे दामों पर बीज खरीदना पड़ रहा है या घर में रखे पुराने बीज से काम चलाना पड़ रहा है। 

किसानों ने जिला प्रशासन और कृषि विभाग के अधिकारियों से बीज वितरण व्यवस्था में सुधार करते हुए बुआई के समय ही अनुदानित बीज उपलब्ध कराने तथा अविलंब गेहूं का बीज मुहैया कराने की मांग की है। किसानों का कहना है कि कृषि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब बीज का वितरण फसल के निर्धारित बुआई समय के अनुसार हो।

यह भी पढ़ें- लग्न के मौसम में महंगाई का तड़का, आरा मंडी में अरहर दाल 140 तो हल्दी 300 रुपये किलो पार, बिगड़ा रसोई का बजट


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।