विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मखाना और धान की पैदावार पर मंडराया खतरा! दरभंगा की मिट्टी में जिंक-बोरान की कमी; किसानों के लिए जरूरी टिप्स

Published: Wed, 25 Nov 2026 12:34 PM (IST)

दरभंगा में कृषि योग्य मिट्टी में जिंक, बोरान और अन्य पोषक तत्वों की कमी से फसलों की उत्पादकता घट रही है। मिट्टी जांच और मृदा स्वास्थ्य कार्ड के माध्यम से संतुलित उर्वरक उपयोग पर जोर दिया जा रहा है, ताकि पैदावार बढ़ाई जा सके।

मखाना और धान की पैदावार पर मंडराया खतरा! दरभंगा की मिट्टी में जिंक-बोरान की कमी (AI Generated Image)

मखाना और धान की पैदावार पर मंडराया खतरा! दरभंगा की मिट्टी में जिंक-बोरान की कमी (AI Generated Image)

HighLights

  1. दरभंगा की मिट्टी में पोषक तत्वों की गंभीर कमी।

  2. जिंक की कमी से धान में खैरा रोग का खतरा।

  3. मिट्टी जांच से संतुलित उर्वरक उपयोग अत्यंत आवश्यक।

जागरण संवाददाता, दरभंगा। जिले की कृषि योग्य मिट्टी में पोषक तत्वों की कमी खेती और फसल उत्पादकता के लिए चुनौती बनती जा रही है।

मिट्टी में जिंक, बोरान और आयरन जैसे सूक्ष्म पोषक तत्वों के साथ नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटाश की कमी भी सामने आ रही है। इसका सीधा असर धान, गेहूं, मक्का, दलहन, तिलहन और मखाना की पैदावार पर पड़ रहा है।

कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, बिना मिट्टी की जांच कराए रासायनिक उर्वरकों का असंतुलित इस्तेमाल मिट्टी की उर्वरा शक्ति कमजोर होने का प्रमुख कारण है।

जिला कृषि कार्यालय की मिट्टी जांच प्रयोगशालाओं में 12 मानकों पर मिट्टी की जांच की जाती है। इसके लिए खेत में जिग-जैग तरीके से नमूने एकत्र किए जाते हैं। जांच के बाद मिट्टी में मौजूद पोषक तत्वों की स्थिति का आकलन किया जाता है।

इसी आधार पर किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध कराया जाता है, ताकि वे जरूरत के मुताबिक उर्वरकों का इस्तेमाल कर सकें।

धान में खैरा रोग का खतरा:

मिट्टी में जिंक की कमी से धान की फसल में खैरा रोग होने की आशंका रहती है। इसमें पत्तियों पर हल्के पीले से भूरे-कांस्य रंग के धब्बे पड़ने लगते हैं। पत्तियों के किनारे सूखने लगते हैं और पौधों की बढ़वार रुक जाती है।

वहीं, नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटाश की कमी से पौधों की शुरुआती वृद्धि, जड़ों का विकास, दाने भरने और फसल की गुणवत्ता पर असर पड़ता है। बोरान और आयरन की कमी भी फसलों की उत्पादकता और गुणवत्ता प्रभावित करती है। इसका असर मखाना समेत अन्य फसलों पर भी पड़ सकता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, मिट्टी में जिंक मौजूद रहने के बावजूद कई बार वह पौधों को उपलब्ध नहीं हो पाता। ऐसे में मृदा परीक्षण के आधार पर संतुलित मात्रा में जिंक सल्फेट का इस्तेमाल जरूरी है।

यूरिया यानी नाइट्रोजन का जरूरत से अधिक इस्तेमाल और दूसरे पोषक तत्वों की अनदेखी मिट्टी की उर्वरा शक्ति के साथ जैविक कार्बन के स्तर को भी प्रभावित करती है।

इससे मिट्टी की अम्लीयता और क्षारीयता में बदलाव तथा पोषक तत्वों का असंतुलन पैदा हो सकता है। नतीजतन खेती की लागत बढ़ती है और उत्पादन घटने की आशंका रहती है।

हर वर्ष मिट्टी जांच का लक्ष्य:

अमित कुमार, सहायक निदेशक, मिट्टी रसायन, दरभंगा ने बताया कि विभाग की ओर से प्रत्येक वर्ष खेतों से मिट्टी के नमूने एकत्र कर उनकी जांच का लक्ष्य निर्धारित किया जाता है। किसान सलाहकार और कृषि समन्वयक नमूने जुटाकर प्रयोगशाला भेजते हैं।

जांच में पोषक तत्वों की कमी सामने आने पर किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड के माध्यम से जानकारी दी जाती है। कार्ड में दर्ज स्थिति के अनुसार खेतों में आवश्यक पोषक तत्वों के इस्तेमाल की सलाह दी जाती है।

तीन वर्षों में मिट्टी जांच और मृदा कार्ड वितरण की स्थिति

वित्तीय वर्ष नमूनों का लक्ष्य उपलब्धि मृदा कार्ड वितरण लाभान्वित किसान
2024-25 16,800 16,813 17,173 17,086
2025-26 10,112 10,351 10,351 10,351
2026-27 5,056 5,056 4,538 4,325
कुल 31,968 32,220 32,062 31,762

यह भी पढ़ें- 2461 सरकारी दर, पर 1500 रुपये क्विंटल धान बेचने को मजबूर किसान! दरभंगा में पैक्स के बहिष्कार से बढ़ी मुश्किल

यह भी पढ़ें- मखाना खेती का कमाल: 4 एकड़ में पैदा किया 38 क्विंटल मखाना, भागलपुर के किसान ने प्रति बीघा कमाए 50 से 60 हजार रुपये

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।