विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

2461 सरकारी दर, पर 1500 रुपये क्विंटल धान बेचने को मजबूर किसान! दरभंगा में पैक्स के बहिष्कार से बढ़ी मुश्किल

Published: Tue, 24 Nov 2026 04:11 PM (IST)

सरकारी स्तर पर धान खरीद शुरू न होने से दरभंगा के तारडीह प्रखंड के किसान परेशान हैं। उन्हें सरकारी दर से काफी कम कीमत पर खुले बाजार में धान बेचना पड़ रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है।

पैक्स के बहिष्कार से बढ़ी मुश्किल (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

पैक्स के बहिष्कार से बढ़ी मुश्किल (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. सरकारी धान खरीद शुरू न होने से किसान परेशान।

  2. किसान 1500-1700 रुपये प्रति क्विंटल धान बेच रहे।

  3. पैक्स अध्यक्षों के बहिष्कार से खरीद समझौता नहीं।

संवाद सहयोगी, तारडीह। प्रखंड में सरकारी स्तर पर धान खरीद शुरू नहीं होने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। फसल तैयार होने के बावजूद पैक्स के जरिए खरीद नहीं हो रही है। 

मजबूरन किसान खुले बाजार में व्यापारियों को 1500 से 1700 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान बेच रहे हैं, जबकि सरकारी दर 2441 से 2461 रुपये है। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है। 

किसी पैक्स के साथ खरीद का एग्रीमेंट नहीं

पैक्स अध्यक्षों के बहिष्कार के चलते अब तक किसी पैक्स के साथ खरीद का एग्रीमेंट नहीं हुआ है। महथौर के रामदेव पासवान, महिया के गुड्डू सिंह, मछैता के मनोज कुमार, रहीटोल के मो मुसा और मदरिया के कौशल चौधरी ने बताया कि अधिकांश किसानों की फसल खलिहान में तैयार रखी है। 

रबी की बुवाई के लिए खाद, बीज और अन्य जरूरी सामान जुटाने को धान बेचना उनकी मजबूरी है। प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि किसी भी पैक्स के साथ धान खरीद के एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर नहीं हुए हैं। 

मनमाने और गैर जिम्मेदाराना रवैये से नाराज

पैक्स अध्यक्षों का आरोप है कि बिहार राज्य खाद्य निगम के मनमाने और गैर जिम्मेदाराना रवैये से हर साल पैक्स को ब्याज के रूप में लाखों रुपये का नुकसान होता है, जिसकी भरपाई उन्हें अपनी जेब से करनी पड़ती है। 

उनकी मांग है कि विलंब से लगने वाला ब्याज माफ हो और मिल टैगिंग में पैक्स की सहमति सहित अन्य मांगों पर सार्थक निर्णय लिया जाए। मांगों पर विचार होने तक खरीद शुरू नहीं करने की बात कही गई है। इस गतिरोध का सबसे अधिक असर किसानों पर पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें- दरभंगा में 35 लाख से बना चाइल्ड केयर सेंटर ढाई साल बाद भी बंद, इलाज के लिए 22 KM दूर भटक रहे नवजात के परिजन


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।