दरभंगा में 35 लाख से बना चाइल्ड केयर सेंटर ढाई साल बाद भी बंद, इलाज के लिए 22 KM दूर भटक रहे नवजात के परिजन
दरभंगा के केवटी-रनवे में 35 लाख रुपये की लागत से बना 20 बेड का चाइल्ड केयर सेंटर ढाई साल बाद भी चालू नहीं हो सका है।

चाइल्ड केयर सेंटर ढाई साल बाद भी बंद (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
केवटी-रनवे में 35 लाख का चाइल्ड केयर सेंटर बना।
ढाई साल बाद भी सेंटर चालू नहीं हो सका।
नवजात बच्चों को इलाज के लिए दूर जाना पड़ रहा।
संवाद सहयोगी, केवटी। प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), केवटी-रनवे परिसर में करीब 35 लाख रुपये की लागत से निर्मित 20 बेड का चाइल्ड केयर सेंटर ढाई वर्ष बाद भी चालू नहीं हो सका है।
भवन निर्माण पूरा होने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसे शुरू करने की पहल नहीं की गई है। इससे क्षेत्र के नवजात और गंभीर रूप से बीमार बच्चों को बेहतर उपचार के लिए करीब 22 किलोमीटर दूर डीएमसीएच जाना पड़ता है।
बच्चों की विशेष देखभाल और उपचार की सुविधा
मालूम हो कि स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों की विशेष देखभाल और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सीएचसी परिसर में इस अस्पताल का निर्माण कराया था। बताया जाता है कि यहां प्रतिवर्ष औसतन 2200 गर्भवती महिलाओं का प्रसव होता है।
इनमें कई नवजातों को जन्म के बाद विशेष देखभाल और उपचार की जरूरत पड़ती है। इसके बावजूद चाइल्ड केयर सेंटर चालू नहीं होने से परिजनों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
20 बेड के प्रीफैब वार्ड का निर्माण
जानकारी के अनुसार, नौ मार्च 2024 को रिलायबल इंटरप्राइजेज कंपनी ने 20 बेड के प्रीफैब वार्ड का निर्माण शुरू किया था। करीब तीन महीने में आठ जून 2024 को निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया। लगभग 35 लाख रुपये की लागत से बने इस भवन में दो हॉल हैं।
प्रत्येक हॉल में दस-दस बेड लगाने की व्यवस्था है। इसके अलावा शौचालय, स्नानघर, चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों के लिए अलग-अलग केबिन बनाए गए हैं। बिजली और पानी की सुविधा भी उपलब्ध करा दी गई है। विडंबना यह है कि तैयार भवन का उपयोग बच्चों के उपचार के बजाय दूसरे कार्यों में हो रहा है।
भवन के आसपास घास-फूस उग आए
एक हॉल में फिलहाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की 102 एंबुलेंस के कर्मी रह रहे हैं। भवन के आसपास घास-फूस उग आए हैं। वहीं, इस केंद्र में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. कसीम अहमद फैजी भी पदस्थापित हैं। इसके बावजूद सेंटर का संचालन शुरू नहीं हो पाया है।
स्थानीय स्तर पर बच्चों के उपचार की सुविधा नहीं मिलने से गंभीर नवजातों के परिजनों को निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है। आरोप है कि इस स्थिति का फायदा उठाकर बिचौलिए परिजनों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराने के लिए बरगलाते हैं।
प्रतिदिन औसतन 150 मरीज का उपचार
इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को अतिरिक्त आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। सीएचसी में प्रतिदिन औसतन 150 मरीज उपचार कराने पहुंचते हैं। इनमें 20 से 25 बच्चे होते हैं।
अस्पताल भवन सीएचसी को सौंप दिया गया है। इसे चालू कराने के लिए अब तक विभागीय दिशा-निर्देश नहीं मिला है। अस्पताल में आवश्यक उपकरण और मशीनें उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। साथ ही चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों की भी तैनाती नहीं हुई है। - डॉ. निर्मल कुमार लाल - प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी
यह भी पढ़ें- दरभंगा में पटना हाईकोर्ट की बेंच स्थापित करने की पहल ने पकड़ी रफ्तार, एम्स के समीप 25 एकड़ भूमि चिह्नित
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।