विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लोकगीतों की गूंज और मिट्टी की सोंधी महक: कोडरमा में मनाया गया सामा-चकेवा, नई धान की बालियों से हुआ स्वागत

Published: Tue, 24 Nov 2026 10:24 PM (IST)

झुमरीतिलैया और आसपास के क्षेत्रों में भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक लोकपर्व 'सामा-चकेवा' पूरे उल्लास के साथ मनाया गया। 

News Article Hero Image

HighLights

  1. नौ दिनों तक पारंपरिक मैथिली लोकगीतों की मधुर गूंज रही।

  2. कार्तिक पूर्णिमा पर प्रतिमाओं का विसर्जन, नई फसल का स्वागत।

संस, झुमरीतिलैया (कोडरमा)। मिथिलांचल की समृद्ध लोकसंस्कृति और भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक लोकपर्व 'सामा-चकेवा' झुमरीतिलैया व आसपास के क्षेत्रों में पूरे उल्लास व श्रद्धा के साथ मनाया गया। 
 
शहर में रहने वाले मिथिलांचल प्रवासियों के घर-आंगन नौ दिनों तक पारंपरिक मैथिली गीतों की मधुर गूंज से सराबोर रहे।
 
 पर्व के अंतिम दिन कार्तिक पूर्णिमा पर महिलाओं व युवतियों ने पूरी आस्था के साथ सामा-चकेवा की पूजा की और प्रतिमाओं का विसर्जन किया। सामा-चकेवा पर्व की मुख्य रौनक मिट्टी की सोंधी महक और उससे बनी रंग-बिरंगी आकृतियां रहीं।
 

मिट्टी की सोंधी महक और लोकगीतों का संगम 

पर्व के लिए महिलाओं और बच्चियों ने मिलजुल कर मिट्टी से सामा, चकेवा, वृंदावन, चुगला, डोलिया, पिपहिया, भमरा, झांझी और कुत्ता समेत कई पात्रों की आकृतियां तैयार कीं। 
 
इन प्रतिमाओं को मिथिला की पारंपरिक चित्रकला और रंगों से खूबसूरती से सजाकर बांस के बने 'चंगेरा' (डलिया) में रखा गया। 
 
शाम के समय महिलाएं व बच्चियां समूह में एकत्रित होकर पारंपरिक मैथिली लोकगीत गाते हुए एक-दूसरे के घर पहुंचीं और सामा-चकेवा की पूजा-अर्चना की।
 

भाई-बहन के प्रेम व त्याग की अमर गाथा 

पर्व की महत्ता बताते हुए प्रभाकर झा ने कहा कि सामा-चकेवा मिथिला की प्राचीन लोकपरंपरा का हिस्सा है, जो मुख्य रूप से मिथिलांचल, सीमांचल, कोसी क्षेत्र और नेपाल की तराई में विशेष उत्साह से मनाया जाता है। 
 
पौराणिक मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण की पुत्री सामा पर चुगला ने झूठा आरोप लगाया था, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें पक्षी बनने का श्राप मिला। 
 
अपनी बहन के प्रति अगाध प्रेम और समर्पण के चलते भाई चकेवा भी स्वेच्छा से पक्षी बन गए। बाद में दोनों इस श्राप से मुक्त हुए। 
 
इसी भाई-बहन के अटूट प्रेम, त्याग और समर्पण की स्मृति में यह पर्व मनाया जाता है। पर्व के दौरान चुगला को बुराई, चुगली और नकारात्मकता का प्रतीक मानकर उसे जलाने की परंपरा भी निभाई गई।
 

नई फसल और रिश्तों का उत्सव

 
यह पर्व नई फसल और पारिवारिक रिश्तों के जुड़ाव का भी प्रतीक है। छठ पूजा के बाद से ही महिलाएं व युवतियां तालाबों व खेतों से मिट्टी लाकर आकृतियां बनाने में जुट जाती हैं। 
 
इस दौरान सामा को लाल-पीली साड़ी, चूड़ी और सिंदूर से सजाया जाता है। दादी-नानी इस परंपरा के माध्यम से नई पीढ़ी को प्रतिमाएं बनाना, पर्व की कथा और पारंपरिक गीत सिखाती हैं। 
 
नौ दिनों तक शाम के समय बटगबनी, सोहर, झूमर और समदाउन जैसे मैथिली लोकगीत गाए गए, जिनमें भाई-बहन के स्नेह, बेटी के बचपन, ससुराल की याद और चुगला की बुराई का मार्मिक वर्णन है। 
 
पूजा में नई धान की बालियां, चूड़ा, गुड़, केला, मूली और गन्ना अर्पित किया गया।कार्तिक पूर्णिमा पर पर्व का समापन हुआ। भाई-बहन ने मिलकर प्रतिमाओं को खेत या 'चौबटिया' (चौराहे) ले जाकर विसर्जित किया। 
 
इस अवसर पर बहनों ने भाइयों को नई फसल से तैयार चूड़ा खिलाया और भाइयों ने उनकी सुखी जिंदगी की कामना की। नई फसल, लोकगीत और प्रगाढ़ पारिवारिक रिश्तों से जुड़ा यह पर्व मिथिला की सांस्कृतिक विरासत को आज भी जीवंत बनाए हुए है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।