Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Jharkhand Rain Alert: झारखंड में भारी वर्षा से उफनाई नदियां, तिलैया डैम का गेट खुला; अलर्ट पर 5 जिले

    कोडरमा जिले में लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। तिलैया डैम का जलस्तर बढ़ने के कारण डैम के आठ गेट खोल दिए गए जिससे 1000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। झुमरीतिलैया के कई इलाकों में जलजमाव से लोगों को परेशानी हुई घरों में पानी घुस गया। सतगावां और मरकच्चो की नदियों का जलस्तर भी बढ़ गया है। प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।

    By Anup Kumar Sinha Edited By: Rajat Mourya Updated: Fri, 22 Aug 2025 10:17 PM (IST)
    Hero Image
    झारखंड में भारी वर्षा से उफनाई नदियां, तिलैया डैम का गेट खुला; अलर्ट पर 5 जिले

    संवाद सहयोगी, कोडरमा। जिले में शुक्रवार को दिनभर हुई लगातार बारिश से जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया। जिले का प्रमुख तिलैया डैम का जलस्तर बढ़ने से डैम का गेट खोलने का निर्णय लिया गया। स्थानीय लोगों को एहतियात करने के बाद रात्रि 9 बजे गेट खोला गया। इससे पहले शाम को एसडीओ रिया सिंह समेत चंदवारा प्रखंड व अंचल के अधिकारी पहुंचकर स्थानीय ग्रामीणों को सतर्क किया गया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इसके साथ ही डैम का पानी छोड़ने को लेकर कोडरमा के अलावा हजारीबाग, गिरिडीह, जामताड़ा व धनबाद जिला को अलर्ट भेजा गया है। यह बांध बराकर नदी पर बना है और इन जिलों से होकर बराकर नदी गुजरती है।

    जानकारी के अनुसार, डैम का 8 गेट खोला गया। इसके माध्यम से 1000 क्यूसेक पानी छोड़ने की योजना है। इसके अलावा जिले की मेडिकल टीम को भी अलर्ट किया गया है। इधर, भारी वर्षा के कारण झुमरीतिलैया शहर सहित आसपास के कई क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन पर गहरा असर पड़ा।

    शहर के रामनगर, चित्रगुप्त नगर जैसे निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे लोगों को आने-जाने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ा। रामनगर मोहल्ले की गलियां नालों में तब्दील हो गईं। कई घरों में पानी घुस गया, जिससे लोगों का घरेलू सामान भीग गया और दैनिक जीवन ठप पड़ गया। बच्चों और बुजुर्गों के लिए घर से बाहर निकलना जोखिम भरा हो गया है।

    दुकानदारों को भी काफी नुकसान हुआ, क्योंकि जलजमाव के कारण दुकानों तक ग्राहक नहीं पहुंच सके। सतगावां प्रखंड की सकरी नदी में भारी बारिश के कारण जलस्तर काफी बढ़ गया है। नदी उफान पर है और किनारे बसे गांवों के लिए खतरा बना हुआ है। इसी तरह मरकच्चो के पंचखेरो नदी और पंचखेरो डैम का भी जलस्तर काफी बढ़ गया है।

    प्रशासन द्वारा स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है। कुछ स्थानों पर बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। वर्षा के कारण कई सड़कों की हालत खराब हो गई है। कई सड़कों की हालत पहले से ही खराब थी, और अब जलभराव के कारण स्थिति और बिगड़ गई है। जगह-जगह गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है।

    मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक बारिश जारी रहने की चेतावनी दी है। जिला प्रशासन की ओर से आपदा प्रबंधन दल को अलर्ट पर रखा गया है। स्थानीय लोग प्रशासन से त्वरित राहत और जल निकासी की मांग कर रहे हैं।