Land Mutation: लंबित दाखिल-खारिज मामले पर DC सख्त, विशेष कैंप लगाकर निष्पादन करने का दिया आदेश
कोडरमा में म्यूटेशन मामलों में तेजी लाने के लिए उपायुक्त ने सभी अंचलों में विशेष शिविर लगाने का निर्देश दिया है। 30 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों का निपटारा करने और रैयतों को शुद्धिपत्र शिविर में ही निर्गत करने का आदेश दिया गया है। शिविर में लगान रसीद निर्गत करने और प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया है। अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है।

संवाद सहयोगी, कोडरमा। अंचलों में छोटे कारणों से म्यूटेशन के मामलों को लटकाने, अनावश्यक रूप से रद करने जैसे मामलों पर कड़ाई से लगाम लगाया जाएगा। उपायुक्त ने म्यूटेशन को लेकर शिकायतें मिलने इसे गंभीरता से लिया है।
उन्होंने सभी अंचलों को प्रत्येक माह एक दिन विशेष कैंप लगाकर म्यूटेशन के आवेदन निष्पादन करने का निर्देश दिया है।
डीसी ऋतु राज ने कहा कि आम जनता को राजस्व से संबंधित सेवाएं समयबद्ध एवं पारदर्शी रूप से उपलब्ध कराने के लिए सभी अंचलों में दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) मामलों के त्वरित निष्पादन हेतु विशेष शिविर लगाया जाएगा।
इसे लेकर आयोजित बैठक में उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों से कहा कि 30 दिनों से अधिक समय से लंबित आपत्ति-रहित दाखिल-खारिज मामलों में संबंधित अंचल अधिकारी दोनों पक्षों की विधिवत सुनवाई कर, नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करें।
उन्होंने यह भी कहा कि रैयतों को म्यूटेशन के उपरांत दी जाने वाली शुद्धिपत्र शिविर में ही निर्गत किया जाए। इन मामलों में भी रैयतों को भागदौड़ करना पड़ रहा है।
शिविर में उपस्थित रैयतों को लगान रसीद निर्गत करने हेतु विशेष व्यवस्था का निर्देश दिया। इसके लिए संबंधित अंचलों में कंप्यूटर सेट और प्रशिक्षित ऑपरेटर रखने को कहा गया।
शिविर की व्यापक जानकारी आम जनता तक पहुंचाने हेतु प्रचार-प्रसार के विशेष निर्देश भी दिए गए हैं। सभी पंचायत भवन, अंचल कार्यालय, तहसील कचहरी सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर कैंप की तिथि सहित बैनर लगाए जाएंगे।
उपायुक्त ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कैंप के दौरान अंचल अधिकारी स्वयं उपस्थित रहेंगे तथा अंचल निरीक्षक, राजस्व उपनिरीक्षक, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं कार्यालय सहायक की उपस्थिति भी अनिवार्य होगी।
बैठक में अपर समाहर्ता पूनम कुजुर, अनुमंडल पदाधिकारी रिया सिंह, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अविनाश पुर्णेदु, जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, तथा जिला पंचायती राज पदाधिकारी प्रिंस गोडविन कुजूर सहित अन्य पदाधिकारीगण मौजूद थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।