नए साल पर कश्मीर घूमने का बना रहे प्लान! जम्मूतवी की ट्रेनों में टिकट मिलना मुश्किल; तीन महीने कई ट्रेनें रद
नए साल पर कश्मीर और वैष्णो देवी जाने वाले सैलानियों को जम्मूतवी ट्रेनों में लंबी वेटिंग का सामना करना पड़ रहा है, जिससे टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। कोहरे के कारण दिसंबर से फरवरी तक कई ट्रेनें रद या आंशिक रूप से प्रभावित रहेंगी।

जम्मूतवी ट्रेनों में नए साल के लिए लंबी वेटिंग लिस्ट। (फोटो- जागरण आर्काइव)
HighLights
जम्मूतवी ट्रेनों में नए साल के लिए लंबी वेटिंग लिस्ट।
कोहरे के कारण दिसंबर से फरवरी तक कई ट्रेनें रद।
संवाद सहयोगी, झुमरीतिलैया (कोडरमा)। कड़ाके की ठंड और बर्फबारी के बीच नए साल का जश्न मनाने के लिए कश्मीर सैलानियों की पहली पसंद बना हुआ है। जम्मूतवी जाने वाली नियमित ट्रेनों में सीटों की भारी मांग के चलते यात्रियों को कंफर्म टिकट तो दूर, रिग्रेट की स्थिति के कारण कई दिन वेटिंग टिकट भी नहीं मिल पा रहे हैं।
धनबाद-कोडरमा-गया होकर जम्मूतवी पहुंचने के लिए कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस और सियालदह-जम्मूतवी हमसफर एक्सप्रेस ही विकल्प हैं। दिसंबर के मध्य से जनवरी के शुरुआती दिनों तक दोनों ट्रेनों की सभी श्रेणियों में लंबी वेटिंग है।
अब टिकट बुकिंग भी बंद हो गई है। इससे नए साल पर वैष्णो देवी दर्शन और कश्मीर घूमने की योजना बना रहे पर्यटकों को निराशा हो रही है। यात्रियों की परेशानी देखते हुए कोडरमा के कई लोगों ने अधिकारियों से धनबाद-दिल्ली स्पेशल ट्रेन के फेरे बढ़ाने और इसे जम्मूतवी तक चलाने की मांग की है।
यात्रियों के अनुसार, पहले यह स्पेशल ट्रेन धनबाद-कोडरमा के रास्ते जम्मू तक जाती थी, लेकिन अब दिल्ली तक ही चलती है। इसके फेरे भी जनवरी में बंद होने वाले हैं। ट्रेन का विस्तार जम्मूतवी तक होने से नए साल पर यात्रा करने वालों को राहत मिल सकती है। उत्तराखंड जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों को कुछ राहत है।
धनबाद-कोडरमा होकर चलने वाली हावड़ा-योगनगरी ऋषिकेश दून एक्सप्रेस में वेटिंग है, लेकिन क्रिसमस और नए साल के दौरान यह अन्य दिनों की तुलना में कम है। नैनीताल और कुमाऊं क्षेत्र को जोड़ने वाली हावड़ा-लालकुआं एक्सप्रेस में भी 25 दिसंबर को छोड़कर बाकी दिनों में धनबाद से वेटिंग कम है।
कोहरे के चलते तीन माह तक रेल सेवाओं में बदलाव, कई ट्रेनें रद
कोहरे के मौसम में सुरक्षित रेल परिचालन के लिए रेलवे ने एक दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया है। पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर जोन के मुख्य जनसंपर्क पदाधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि कुछ ट्रेनें पूरी तरह रद रहेंगी, जबकि कुछ के परिचालन के दिनों में कटौती की गई है।
रेलवे की सूचना के अनुसार, हावड़ा-देहरादून उपासना एक्सप्रेस (13035) एक दिसंबर 2026 से 26 फरवरी 2027 तक और देहरादून-हावड़ा उपासना एक्सप्रेस (13036) दो दिसंबर 2026 से 27 फरवरी 2027 तक रद रहेगी।
अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस (12988) एक दिसंबर से 27 फरवरी तक प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को नहीं चलेगी। सियालदह-अजमेर एक्सप्रेस (12987) दो दिसंबर से 28 फरवरी तक प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार और रविवार को रद रहेगी।
कोलकाता-अमृतसर एक्सप्रेस (12357) पांच दिसंबर से 27 फरवरी तक प्रत्येक शनिवार और अमृतसर-कोलकाता एक्सप्रेस (12358) सात दिसंबर से एक मार्च तक प्रत्येक सोमवार को रद रहेगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेनों के परिचालन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।