कोडरमा की 2 महिलाओं को मिला राष्ट्रपति सम्मान, अपने गांवों में इन अभियानों में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
Jharkhand News शनिवार का दिन कोडरमा के लिए गौरवान्वित करने वाला रहा। जल शक्ति अभियान के तहत कैच द रेन में जरगा पंचायत अंतर्गत कंझाटांड़ के पार्वती देवी एवं सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त ग्राम में मरकच्चो के आर्कोसा गांव की पूजा देवी को दिल्ली में राष्ट्रपति के हाथों सम्मान मिला।

कोडरमा, संवाद सहयोगी: शनिवार का दिन कोडरमा के लिए गौरवान्वित करने वाला रहा। जल शक्ति अभियान के तहत कैच द रेन में जरगा पंचायत अंतर्गत कंझाटांड़ के पार्वती देवी एवं सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त ग्राम में मरकच्चो के आर्कोसा गांव की पूजा देवी को दिल्ली में राष्ट्रपति के हाथों सम्मान मिला।
एक वर्ष पूर्व इन गांवों की महिलाओं ने गांव की बेहतरी के लिए अभियान चलाया था, जिसके परिणामस्वरूप इन्हें भारत सरकार के स्तर से सम्मान देकर राष्ट्रीय पटल पर लाया गया है।
120 गांवों में चलाया जा रहा अभियान
जिले के उपायुक्त आदित्य रंजन के पहल एवं प्रयास से इन गांवों में बदलाव की बयार बही। उपायुक्त ने जिले की गांवों में व्यवस्था बेहतर करने के लिए हमार गांव, हमार जिम्मेदारी अभियान की शुरुआत की थी।
इस अभियान से जुड़कर उक्त दोनों गांवों के ग्रामीण खुद आगे आकर बेहतर कार्य किया। वर्तमान में जिले के करीब 120 गांवों में हमार गांव, हमार जिम्मेदारी अभियान चलाकर गांव का विकास किया जा रहा है।
कोडरमा प्रखंड के जरगा पंचायत के कंझाटांड की पार्वती देवी एवं सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त ग्राम में मरकच्चो के आर्कोसा गांव की पूजा देवी को शनिवार को सम्मानित किया गया। दोनों महिलाएं अपने-अपने गांव में अभियान की मुख्य प्रेरक थीं।
विज्ञान भवन में किया गया सम्मानित
दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कैच द रैन के लिए पार्वती देवी और जल शक्ति मंत्रालय के मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त ग्राम के लिए पूजा देवी को सम्मानित किया।
इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि कोडरमा जिला के लिए गौरवान्वित करने का पल है।
जिला प्रशासन कोडरमा के टीम द्वारा योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु निरंतर बेहतर कार्य किये जा रहे हैं, कोडरमा जिला हर क्षेत्र में बेहतर करते आगे बढ़ रहा है।
उपायुक्त ने मुहिम से जुड़े लोगों का किया धन्यवाद
उपायुक्त ने जिला प्रशासन कोडरमा के टीम, स्थानीय जनप्रतिनिधि के साथ साथ इस मुहिम में जुड़े ग्रामीणों को धन्यवाद दिया।
बता दें कि स्वच्छ सुजल शक्ति सम्मान के लिए स्वच्छता, तरल कचरा प्रबंधन, ओडीएफ प्लस ग्राम, प्लास्टिक कचरा प्रबंधन, जल संरक्षण (कैच द रैन) श्रेणियों में कार्य करने वाली महिला प्रतिनिधि स्वच्छ ग्राही नेचुरल लीडर को सम्मानित करने हेतु 15 फरवरी तक ऑनलाइन नॉमिनेशन किया गया था।
कोडरमा जिला से कुल चार श्रेणी में 4 प्रतिभागियों को नामित किया गया था, जिसमें से जल शक्ति अभियान के तहत कैच था रैन में जरगा पंचायत के कंझाटांड को एवं सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त ग्राम में मरकच्चो के आर्कोसा ग्राम को चयनित किया गया था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।