तोरपा के जरिया गांव में मनाया गया हरियाली महोत्सव
जासं खूंटी-तोरपा वन

तोरपा के जरिया गांव में मनाया गया हरियाली महोत्सव
जासं, खूंटी-तोरपा : वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन विभाग के तत्वावधान में शुक्रवार को तोरपा प्रखंड के जरिया गांव में हरियाली महोत्सव का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में तोरपा के विधायक कोचे मुंडा और विशिष्ट अतिथि के रूप में वन प्रमंडल पदाधिकारी कुलदीप मीणा और सहायक वन संरक्षक अर्जुन बड़ाईक मौजूद थे। मौके पर विधायक के अलावा अन्य अतिथियों ने पौधारोपण भी किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कोचे मुंडा ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना संकट के दौरान दुनिया को अनुभव हो गया कि आक्सीजन का महत्व क्या है और इस कमी को दूर करने का एकमात्र उपाय है अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाना। उन्होंने कहा कि प्रकृति ने हमें निश्शुल्क आक्सीजन दी है और इसका माध्यम पेड़-पौधे ही हैं। विधायक ने कहा कि पहले लोग फल खाने के लिए पेड़-पौधे लगाते थे, लेकिन अब हमें दुनिया को बचाने के लिए पौधारोपण करना होगा। उन्होंने कहा कि जिस गति से ग्लोबल वार्मिंग के कारण मौसम में बदलाव होने लगा है, धरती गर्म हो रही है तथा भू-गर्भ जलस्तर नीचे जा रहा है, यह गंभीर चिंता का विषय है। विधायक ने कहा कि इन सभी संकटों से बचने का सिर्फ एक ही उपाय है अधिक से अधिक पौधारोपण। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी को ध्यान में रखकर हरियाली महोत्सव का आयोजन करने का निर्णय लिया, ताकि लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता आए। उन्होंने कहा कि पेड़-पौघे हैं, तभी तक हमारा जीवन है। जिस दिन दुनिया से जंगल, पेड़ आदि खत्म हो जाएंगे, उस दिन सभी प्राणियों का अस्तित्व भी समाप्त हो जाएगा। विधायक ने जोर देते हुए कहा कि पौधे लगाने से अधिक महत्वपूर्ण उनका संरक्षण करना है। उन्होंने कहा कि आम तौर पर देखा गया है कि समारोह आयोजित कर पौधे तो लगा दिए जाते हैं, पर बाद में समुचित देखभाल के अभाव में वे नष्ट हो जाते हैं। कार्यक्रम को डीएफओ कुलदीप मीणा और एसीएफ अर्जुन बड़ाईक ने भी संबोधित किया। मौके पर भाजपा नेता विनोद धान, गंदौरी गुड़िया, पंचायत समिति सदस्य पूनम भेंगरा, बिमला डोडराय, ग्राम प्रधान शिवराम मुंडा, भगीरथ राय, महावीर साहू, कैलाश कांशी, सोमा मुंडा, लुथरू मुंडा, मंगलू महतो, चिंतामणि महतो, भेदो भेंगरा, छोटन भेंगरा सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
-------
गांवों का दौरा कर समस्याओं की ली जानकारी
हरियाली महोत्सव के बाद विधायक कोचे मुंडा ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ अपने विधानसभा क्षेत्र के जरिया, अलंकेल, महादेव टोली, सोनपुर गढ़ सहित कई गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से बातचीत की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा गांव और गरीबों के विकास के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी और लोगों से इसका लाभ उठाने का आह्वान किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।