झारखंड में 2300 से अधिक नौकरियों का मौका, 15 कंपनियां लगाएंगी रोजगार मेला; दुबई में भी मिलेगी नौकरी
खूंटी में 23 नवंबर को एक विशाल रोजगार मेला आयोजित होगा, जिसमें 15 कंपनियां 2300 से अधिक पदों पर युवाओं को नौकरी देंगी। आठवीं पास से लेकर स्नातक तक के अभ्यर्थी विभिन्न पदों जैसे नर्स, वेल्डर, शिक्षक आदि के लिए आवेदन कर सकते हैं।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।
HighLights
खूंटी में 23 नवंबर को लगेगा विशाल रोजगार मेला।
15 कंपनियां 2300 से अधिक पदों पर करेंगी भर्ती।
जागरण संवाददाता, रांची। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए 23 नवंबर का दिन अहम होगा। जिला नियोजनालय-सह-माडल करियर सेंटर, खूंटी में रोजगार मेला लगेगा। इसमें 15 कंपनियां 2300 से अधिक रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग की ओर से आयोजित यह मेला सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
रोजगार मेले में आठवीं पास से लेकर स्नातक, आईटीआई और डिप्लोमा योग्यताधारी अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा। सर्विस एडवाइजर, सेल्स एक्जीक्यूटिव, अप्रेंटिस, वेल्डर, मशीन आपरेटर, नर्स, शिक्षक, हेल्पर, सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर समेत कई पदों पर बहाली होगी।
दुबई से तमिलनाडु तक नौकरी का अवसर
रोजगार मेले में अशोका हीरो, फ्यूजन फाइनेंस, युवा शक्ति फाउंडेशन, टैलेंट नेक्सा, एलआइसी खूंटी, क्वांटम निट्स, फ्रीडम इंप्लायबिलिटी एकेडमी, पैनआईआईटी एलुमनी रीच फार झारखंड फाउंडेशन, केएस गंगा हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण, आर्यन स्टील, आयल्स इंडिया, प्रेमसंस बजाज और एसआईएस इंडिया सहित 15 नियोजक भाग लेंगे। इनके माध्यम से खूंटी, मुरहू, रांची, गुमला, जमशेदपुर, चाईबासा, नागपुर और चेन्नई के अलावा तमिलनाडु तथा दुबई में भी नौकरी के अवसर मिलेंगे।
30 से 40 हजार रुपये तक वेतन
विज्ञापन के अनुसार, कुछ तकनीकी पदों पर 30 से 40 हजार रुपये तक मासिक वेतन निर्धारित है। दुबई में राजमिस्त्री, प्लंबर, इलेक्ट्रिकल और पाइप फिटर जैसे पदों पर नियुक्ति होगी। इन पदों के लिए 30 से 40 हजार रुपये तक वेतन के साथ भोजन और आवास की सुविधा भी दी जाएगी। वहीं, इलेक्ट्रिकल वाहन चालक, फोर्कलिफ्ट आपरेटर, मशीन आपरेटर और अन्य तकनीकी पदों पर भी नियुक्ति होगी।
क्वांटम निट्स में एसएमओ के 500 पदों के अलावा नर्स, वार्डेन, हेल्पर और अन्य पदों पर बहाली होगी। टैलेंट नेक्सा में वेल्डर, आइटीआइ फिटर, फैब्रिकेटर फिटर और रोबो वेल्डर के पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा अस्पताल, वित्तीय संस्थानों और अन्य कंपनियों में भी विभिन्न पद रिक्त हैं।
निबंधन और प्रमाणपत्र जरूरी
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को झारखंड सरकार के नियोजन पोर्टल jharniyojan.jharkhand.gov.inपर निबंधन कराना होगा। अभ्यर्थियों को शैक्षणिक प्रमाणपत्र, अंकपत्र, जाति प्रमाणपत्र, आवासीय प्रमाणपत्र की छायाप्रति और बायोडाटा लेकर पहुंचना होगा। जिला नियोजनालय ने स्पष्ट किया है कि रोजगार मेले में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।