विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जामताड़ा में एंबुलेंस के अभाव में युवक की मौत, मंत्री इरफान की आदिवासियों ने की फजीहत; हाईवे पर घंटों बवाल

Published: Wed, 11 Nov 2026 11:05 AM (IST)

Jamtara News: सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर आक्रोश फूट पड़ा। समय पर एंबुलेंस ...और पढ़ें

HighLights

  1. युवक की मौत के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर फूटा आक्रोश।

  2. स्थानीय आदिवासियों ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को घेरा।

  3. एंबुलेंस न मिलने के आरोप पर हुई तीखी नोकझोंक।

जागरण संवाददाता, जामताड़ा। गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य मार्ग पर केंदुआटांड़ गांव के समीप सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की मौत के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर आक्रोश फूट पड़ा। समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने के आरोप को लेकर स्थानीय आदिवासी युवकों ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को घेर लिया और उनसे तीखे सवाल किए।

युवकों ने कहा कि जब आपात स्थिति में घायल को समय पर एंबुलेंस तक नहीं मिल सकती, तो स्वास्थ्य मंत्रालय का क्या फायदा। इस दौरान मंत्री और युवकों के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक हुई।

अज्ञात वाहन की चपेट में आने से घायल हुआ था युवक

जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी उदयपुर में आयोजित संथाली जतरा कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान केंदुआटांड़ के पास एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने देवघर जिले के करौं थाना क्षेत्र अंतर्गत बांदडीह निवासी 24 वर्षीय आकाश मुर्मू को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए धनबाद ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने करीब साढ़े चार घंटे तक गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य मार्ग को जाम रखा।

युवकों ने कहा, भाषण नहीं, जरूरत के समय चाहिए स्वास्थ्य सुविधा

हाईवे जाम के दौरान घटनास्थल पर पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री को स्थानीय युवकों के विरोध का सामना करना पड़ा। युवकों ने कहा कि आदिवासियों का हितैषी होने का दावा करने से जमीन पर बदलाव नहीं आएगा। जनता को नेताओं के भाषण नहीं, बल्कि आपात स्थिति में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और समय पर एंबुलेंस चाहिए। इस दौरान सड़क पर काफी देर तक गहमागहमी बनी रही।

मंत्री बोले, घटनास्थल पर पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत

वहीं, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि वह रात में एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। हादसे की जानकारी मिलने पर उन्होंने पीड़ित की मदद की। उनके घटनास्थल पर पहुंचने से काफी पहले ही युवक की मौत हो चुकी थी।

वहां एंबुलेंस भी मौजूद थी। कुछ युवकों ने जानबूझकर एंबुलेंस नहीं होने की बात कहकर उनसे तल्खी दिखाई। मंत्री ने कहा कि हादसे के बाद लोगों का आक्रोशित होना स्वाभाविक है, लेकिन विरोधियों के इशारे पर उन्हें निशाना बनाना समझ से परे है। उन्होंने पीड़ित परिवार को बुलाकर आर्थिक मदद भी की।

इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल, मंत्री ने बताया राजनीतिक साजिश

मंत्री और स्थानीय युवकों के बीच हुई नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस मामले को लेकर भाजपा नेताओं ने भी स्वास्थ्य मंत्री को घेरा है। दूसरी ओर, डा. इरफान अंसारी ने पूरे घटनाक्रम को राजनीतिक साजिश करार दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने कुछ युवकों को उनके खिलाफ बोलने और माहौल खराब करने के लिए उकसाया। मंत्री ने दावा किया कि उनके काफिले के साथ हमेशा एंबुलेंस रहती है और मृतक के स्वजनों को उनसे कोई शिकायत नहीं है।

यह भी पढ़ें- Jharkhand Weather Update: गुलाबी ठंड का असर बढ़ा, धनबाद समेत कई जिलों में सुबह-शाम महसूस की जा रही ठिठुरन

यह भी पढ़ें- झारखंड में किसानों को 50% अनुदान पर मिल रहे गेहूं-मसूर के बीज, जामताड़ा के नगरी लैम्प्स में वितरण शुरू

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।