Jharkhand Weather Update: गुलाबी ठंड का असर बढ़ा, धनबाद समेत कई जिलों में सुबह-शाम महसूस की जा रही ठिठुरन
Dhanbad Weather News: झारखंड में नवंबर के साथ गुलाबी ठंड का असर तेज हो गया है, जिससे रांची समेत कई ...और पढ़ें

धनबाद में सुबह-शाम बढ़ने लगी ठंड, गुलाबी सर्दी का होने लगा अहसास। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
रांची समेत कई जिलों में सुबह-शाम ठिठुरन महसूस की जा रही है।
उत्तरी-पश्चिमी हवाओं से रात के तापमान में लगातार गिरावट आ रही है।
तापमान में उतार-चढ़ाव से मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ा।
डिजिटल डेसक, धनबाद। Jharkhand Weather Today: झारखंड में नवंबर का महीना आगे बढ़ने के साथ ही गुलाबी ठंड का असर तेज होने लगा है। राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न जिलों में सुबह और शाम के तापमान में गिरावट के कारण हल्की ठिठुरन महसूस की जा रही है, जबकि दिन में धूप खिलने से मौसम सामान्य बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से रात के तापमान में कमी आ रही है। धनबाद, बोकारो, गिरिडीह और जामताड़ा समेत उत्तरी-पूर्वी जिलों में सुबह के समय ओस (शीत) गिरने का सिलसिला शुरू हो गया है। सुबह की सैर पर निकलने वाले लोग अब हल्के गर्म कपड़ों का सहारा लेने लगे हैं।
धनबाद में साफ रहेगा मौसम, रात में बढ़ेगी ठिठुरन
कोयलांचल धनबाद में आज मौसम पूरी तरह साफ और धूप वाला रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सुबह के समय हल्की धुंध और घास पर ओस की बूंदें देखने को मिल सकती हैं। वहीं, रात होते ही हल्की ठिठुरन महसूस होगी।
बोकारो में धनबाद से अधिक ठंडी रहेंगी रातें
स्टील सिटी बोकारो में मौसम शुष्क बना रहेगा। यहां अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। धनबाद की तुलना में बोकारो में रातें अधिक ठंडी रहने की संभावना है। सुबह के समय हल्का कुहासा छा सकता है।
गिरिडीह में ग्रामीण इलाकों में ठंड का अधिक असर
पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों से घिरे गिरिडीह जिले में ठंड का असर शहरी क्षेत्रों की तुलना में ग्रामीण इलाकों में अधिक महसूस किया जा रहा है। यहां न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। देर रात और अलसुबह ठंड का अहसास बढ़ेगा। सुबह के समय ओस गिरने के भी आसार हैं।
जामताड़ा में दिन में धूप, शाम को गिरेगा तापमान
जामताड़ा जिले में आज मौसम साफ रहने और खिली हुई धूप निकलने की संभावना है। हालांकि, शाम ढलने के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। यहां न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है।
सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनने की सलाह
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दोपहर में तेज धूप के कारण मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन सुबह और रात के तापमान में अंतर बना रहेगा। तापमान में इस उतार-चढ़ाव के कारण सर्दी-खांसी जैसी मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
ऐसे में लोगों को सुबह और देर रात घर से बाहर निकलते समय हल्के गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
यह भी पढ़ें- दीवाली से पहले धनबाद के 1.98 लाख लाभुकों को मिला पेंशन का तोहफा, खाते में पहुंचे 41.66 करोड़ रुपये
यह भी पढ़ें- झारखंड स्थापना दिवस पर धनबाद में कला प्रतियोगिता, 11 नवंबर तक कर सकते हैं आवेदन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।