झारखंड स्थापना दिवस पर धनबाद में कला प्रतियोगिता, 11 नवंबर तक कर सकते हैं आवेदन
Jharkhand Foundation Day: धनबाद जिला प्रशासन झारखंड स्थापना दिवस पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम नागरिकों के लिए एक विशेष कला पहल का आयोजन कर रहा है।

HighLights
झारखंड स्थापना दिवस पर धनबाद में विशेष कला पहल।
पेंटिंग प्रतियोगिता में भाग लेने की अंतिम तिथि 11 नवंबर।
शीर्ष तीन पेंटिंग्स के कलाकारों को उपायुक्त करेंगे सम्मानित।
जागरण संवाददाता, धनबाद। झारखंड स्थापना दिवस ( 15 november) पर धनबाद जिला प्रशासन की ओर से विद्यार्थियों, शिक्षकों, युवाओं एवं आम नागरिकों के लिए एक विशेष कला पहल का आयोजन किया जा रहा है। इसमें भाग लेने के लिए 11 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं।

इस पहल का उद्देश्य लोगों को अपनी कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से झारखंड की समृद्ध संस्कृति, परंपरा, विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और विकास की तस्वीरों को रंगों के जरिए प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना है। इस प्रतियोगिता में इच्छुक प्रतिभागी झारखंड की पहचान और गौरव को दर्शाती अपनी पेंटिंग बनाकर हिस्सा ले सकते हैं।
जिला प्रशासन की ओर से प्रतियोगिता को लेकर विशेष आकर्षण भी रखे गए हैं। इसमें चयनित शीर्ष तीन पेंटिंग्स के कलाकारों को उपायुक्त, धनबाद द्वारा सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा चयनित पेंटिंग्स को जिला समाहरणालय, धनबाद में प्रदर्शित किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
उपायुक्त आदित्य रंजन के अनुसार इस कला पहल के लिए आवेदन की प्रक्रिया पिछले पांच नवंबर से शुरू हो चुकी है और आवेदन करने की अंतिम तिथि 11 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक प्रतिभागी आनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
प्रतिभागियों को इस लिंक https://forms.gle/WuVN7PiDjztxS5cE7 पर जाकर आवेदन करना होगा। प्रशासन ने सभी इच्छुक लोगों से इस पहल में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपनी कला के माध्यम से झारखंड की संस्कृति एवं पहचान को जीवंत बनाने की अपील की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।