जामताड़ा में ‘संडे ऑन साइकिल’ रैली, नशामुक्त युवा और ओलंपिक के लिए तैयार भारत का दिया संदेश
Jamtara News: मेरा युवा भारत द्वारा जामताड़ा में 'संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसका मुख्य विषय 'नशामुक्त युवा और इंडिया रेडी फॉर ओलंपिक' था।

जामताड़ा में साइकिल चलाकर युवाओं ने दिया नशे से दूर रहने और फिट रहने का संदेश। (फोटो जागरण)
HighLights
गांधी मैदान, जामताड़ा में 'संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम आयोजित हुआ।
मुख्य थीम 'नशामुक्त युवा और इंडिया रेडी फॉर ओलंपिक' रहा।
नियमित व्यायाम, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जागरण संवाददाता, जामताड़ा। स्वस्थ शरीर और स्वच्छ पर्यावरण के संदेश के साथ रविवार को गांधी मैदान में मेरा युवा भारत के तत्वावधान में ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य थीम ‘नशामुक्त युवा और इंडिया रेडी फॉर ओलंपिक’ रहा। इस दौरान युवाओं ने साइकिल चलाकर लोगों को नियमित व्यायाम, स्वस्थ जीवनशैली और नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि परियोजना निदेशक जुगनू मिंज उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि एसडीपीओ वसीम रजा, जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, शिक्षाविद् डॉ. डीडी भंडारी, एएसआई तापस मंडल एवं एएसआई जय किशोर मरांडी शामिल हुए।
माय भारत की उपनिदेशक उत्तरा विश्वास ने अतिथियों को पौधा भेंटकर सम्मानित किया। इसके बाद जुगनू मिंज ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल रैली को रवाना किया।
इस अवसर पर जुगनू मिंज ने कहा कि साइकिल चलाना केवल एक साधन नहीं, बल्कि स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली अपनाने का बेहतर माध्यम है। नियमित साइकिलिंग से शरीर सक्रिय रहता है, शारीरिक क्षमता बढ़ती है और कई बीमारियों से बचाव में मदद मिलती है।
वहीं छोटी दूरी के लिए मोटर वाहनों के बजाय साइकिल का इस्तेमाल करने से ईंधन की बचत होती है और वायु प्रदूषण भी कम होता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को संदेश दिया गया कि स्वस्थ शरीर ही मजबूत समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव है। साइकिलिंग जैसी आसान और कम खर्चीली गतिविधि को अपनाकर व्यक्ति न केवल अपने स्वास्थ्य को बेहतर बना सकता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दे सकता है।
अतिथियों ने माय भारत की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में फिटनेस, खेल भावना और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।
मौके पर शिक्षक निर्मल कुमार मंडल, उज्ज्वल कुमार मंडल, अनिस रंजन, संतोष कुमार सिंह, आरके भारती, बिनोद कुमार सिंह, डॉ. हृदयानंद, माय भारत के स्वयंसेवक लखिन्दर सिंह, स्नेहा शर्मा, अंजली मिंज, प्रमिला मुर्मू, साहिब मंडल, निर्भय मंडल, मनोज गोराई, गोरंगों सिंह, मिथुन महतो, लालटू दत्ता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।