झारखंड के राशन कार्डधारकों के लिए जरूरी खबर, 6 महीने राशन न उठाने पर रद होगा कार्ड
झारखंड सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को पारदर्शी बनाने के लिए राशन कार्ड नियमों में संशोधन किया है।

राशन कार्ड के नियमों में संसोधन। (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, जामताड़ा। झारखंड में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार ने राशन कार्ड से जुड़े नियमों में महत्वपूर्ण संशोधन किया है।
खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से 23 नवंबर को जारी अधिसूचना के तहत अब प्रत्येक पांच वर्ष में राशन कार्डधारी परिवारों की पात्रता की समीक्षा और अनिवार्य ई-केवाईसी कराई जाएगी।
वहीं, लगातार छह माह तक राशन का उठाव नहीं करने वाले लाभार्थियों के राशन कार्ड अस्थायी रूप से अयोग्य किए जा सकेंगे। हालांकि, ऐसे लाभार्थियों को अपनी पात्रता साबित करने और ई-केवाईसी कराने का अवसर भी दिया जाएगा।
अधिसूचना के अनुसार 18 वर्ष की आयु पूरी होने तक कोई भी सदस्य अलग राशन कार्ड रखने का पात्र नहीं होगा।
पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों का आधार नंबर उपलब्ध होने पर दर्ज किया जाएगा। पांच वर्ष की आयु पूरी होने के एक वर्ष के भीतर उनका ई-केवाईसी कराना अनिवार्य होगा।
डुप्लीकेट कार्ड वालों को मिलेगा तीन माह का समय
सरकार ने राज्य के अंदर या बाहर डुप्लीकेट के रूप में चिह्नित राशन कार्डधारियों के लिए भी प्रविधान किया है। ऐसे कार्ड अस्थायी रूप से अयोग्य किए जा सकेंगे।
संबंधित लाभार्थियों को आवश्यक दस्तावेज और ई-केवाईसी के माध्यम से अपनी पात्रता साबित करने के लिए तीन माह का समय दिया जाएगा।
इसी प्रकार, छह माह से राशन नहीं उठाने वाले लाभार्थियों के मामले में कार्ड का पुनर्मूल्यांकन, क्षेत्र सत्यापन और ई-केवाईसी की प्रक्रिया अगले तीन माह के भीतर पूरी की जाएगी।
राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन दिखेगी प्रतीक्षा सूची
नए नियम के तहत राशन कार्ड जारी करने में प्रथम आवक-प्रथम पावक (पहले आवेदन, पहले लाभ) की व्यवस्था लागू होगी। राज्य सरकार अपने वेब पोर्टल सहित सार्वजनिक डोमेन में पारदर्शी प्रतीक्षा सूची प्रदर्शित करेगी।
इससे आवेदक वास्तविक समय में अपने आवेदन की स्थिति जान सकेंगे। हालांकि, विशेष परिस्थितियों में पात्र कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को निर्धारित अधिमानता मानकों के अनुसार प्राथमिकता देने का अधिकार सरकार के पास रहेगा।
बीमार या दिव्यांग दुकानदार के आश्रित को मिल सकेगा लाइसेंस
अधिसूचना में जनवितरण प्रणाली की उचित मूल्य दुकान के लाइसेंस हस्तांतरण के नियमों में भी बदलाव किया गया है।
अब लाइसेंसधारी के असाध्य रोग से ग्रसित होने, शारीरिक रूप से अक्षम होने अथवा चलने-फिरने में असमर्थ होने जैसी विशेष परिस्थितियों में लाइसेंस उसके आश्रित बेरोजगार पति-पत्नी, पुत्र, अविवाहित पुत्री, विधवा बहू, विधवा पुत्री अथवा परित्यक्ता पुत्री को हस्तांतरित किया जा सकेगा।
निर्धारित कानूनी प्रावधानों के तहत गोद लिए गए दत्तक पुत्र या अविवाहित दत्तक पुत्री को भी इसमें शामिल किया गया है।
चिकित्सकीय आधार पर लाइसेंस हस्तांतरण के लिए सक्षम चिकित्सा पदाधिकारी का प्रमाण पत्र देना अनिवार्य होगा। सभी आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन और संबंधित अनुज्ञापन पदाधिकारी की संतुष्टि के बाद ही हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
यह भी पढ़ें- झारखंड में विधानसभा सीटें 81 से बढ़कर होंगी 122, परिसीमन से लोकसभा की सीटें 14 से बढ़कर 21 होने का अनुमान