कड़वा करेला, मीठी कमाई! ODOP से बदली जामताड़ा के किसानों की किस्मत, रांची में दिखेगा बिना चीनी वाले जूस का दम
जामताड़ा जिले के करेला रस को झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के राज्यस्तरीय कार्यक्रम में विशेष पहचान मिल रही है। यह पहल 'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट' योजना के तहत स्थानीय उत्पादों, महिला उद्यमिता और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए की गई है।

रांची में लगाई गई प्रदर्शनी में जामताड़ा के करेले का जूस। फोटो साभार: पीआरडी
HighLights
जामताड़ा का करेला रस झारखंड स्थापना दिवस पर विशेष पहचान।
'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट' योजना में करेला को मिली प्राथमिकता।
स्थानीय उत्पादों, महिला उद्यमिता को राज्यस्तरीय मंच पर बढ़ावा।
जागरण संवाददाता, जामताड़ा। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर रांची के खेलगांव में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में जामताड़ा जिले के स्थानीय उत्पादों, महिला उद्यमिता और पर्यटन की संभावनाओं की झलक देखने को मिलेगी। इसके लिए जिले की ओर से कुल चार स्टॉल लगाए जा रहे हैं।
इनमें सबसे खास आकर्षण जामताड़ा जिले समेत नाला विधानसभा क्षेत्र में उत्पादित करेला और उससे तैयार किया गया प्राकृतिक करेला रस होगा।
जिले में इस बार करेला को वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) के रूप में स्थापित करने की पहल की गई है। इसी के तहत करेला जूस को विशेष प्राथमिकता देते हुए राज्यस्तरीय मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा करेला चिप्स और करेला अचार भी प्रदर्शित किए जाएंगे।
बता दें कि जामताड़ा जिले के के नाला विधानसभा क्षेत्र के अलावा अन्य प्रखंडों में बड़े पैमाने पर करेला की खेती होती है। यहां के किसान प्रचुर मात्रा में करेला का उत्पादन करते हैं।
किसानों की उपज को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने, उसका मूल्य संवर्धन करने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से करेला आधारित उत्पादों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
जिला प्रशासन एवं ओडीओपी योजना के सहयोग से उद्यमी समूह (ईएचजी) के सदस्यों द्वारा ताजे करेलों से प्राकृतिक करेला रस तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा करेला चिप्स और करेला अचार भी प्रदर्शित किए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार, करेला रस को ताजे करेलों से तैयार किया जाता है। इसमें कृत्रिम रंग, चीनी और प्रिजर्वेटिव का इस्तेमाल नहीं किए जाने की जानकारी दी गई है।
इस स्टॉल पर महिला उद्यमी अपने उत्पादों का प्रदर्शन और प्रचार-प्रसार करेंगी। इसके माध्यम से स्थानीय किसानों और महिला समूहों को अपने उत्पादों की पहचान बनाने तथा संभावित बाजार से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
चार स्टॉल से प्रदर्शित होगी जिले की पहचान
राज्यस्तरीय आयोजन में जामताड़ा की सहभागिता चार अलग-अलग स्टॉल के माध्यम से होगी। ओडीओपी स्टॉल पर कृषि विभाग की ओर से करेला आधारित उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा।
इसके अलावा महिला स्वयं सहायता समूहों की उद्यमशीलता, उत्पादक समूहों (एफपीओ) की व्यावसायिक गतिविधियों तथा जिले के पर्यटन स्थलों और संभावनाओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
इस पहल से जिले के ग्रामीण उत्पादों, महिला समूहों और स्थानीय उद्यमों को राज्यस्तरीय पहचान मिलने की उम्मीद है।
करेला रस के स्वास्थ्य लाभ
मधुमेह नियंत्रण में सहायक: करेले में प्राकृतिक रूप से ऐसे तत्व पाए जाते हैं जो रक्त शर्करा के स्तर को संतुलित रखने में मदद करते हैं।
रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाए: विटामिन-सी और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर यह रस शरीर की रोगों से लड़ने की शक्ति को मजबूत करता है।
पाचन तंत्र को दुरुस्त रखे: यह पेट की समस्याओं को दूर करने, पाचन क्रिया सुधारने और शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालने में सहायक है।
त्वचा और बालों के लिए लाभकारी: रक्त को शुद्ध करने के कारण यह त्वचा को निखारने और मुंहासों को कम करने में मददगार है।
वजन नियंत्रण में उपयोगी: कम कैलोरी और उच्च फाइबर गुणों के कारण यह मेटाबालिज्म को बेहतर बनाकर वजन कम करने में सहयोग करता है।
जामताड़ा जिले के फतेहपुर प्रखंड में सबसे अधिक मात्रा में करेला का उत्पादन होता है। बाकी प्रखंडों में भी हो रहा है। यहां करेला का उपयोग सब्जी के अलावा का जूस, चिप्स व आचार के रूप में किया जा रहा है। यह बड़ी उपलब्धि है। इस कारण इस प्रोडक्ट काे स्थापना दिवस समारोह में रांची में आयोजित स्टॉल पर प्रदर्शित किया जा रहा है। इसके बाद इसकी मांग बढ़ने की संभावना है। - अनूप कुमार हेंब्रम, जिला कृषि पदाधिकारी, जामताड़ा