Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जामताड़ा में गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, पूर्व जिप सदस्य सुनील हांसदा समेत 5 लोग घायल

    जामताड़ा में साहिबगंज-गोविंदपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पस्ती पालोजोड़ी मोड़ के पास एक सड़क दुर्घटना हुई जिसमें पूर्व जिला परिषद सदस्य सुनील हांसदा समेत पांच लोग घायल हो गए। सुनील हांसदा दुमका से बाबूलाल मरांडी के साथ बैठक में शामिल होकर लौट रहे थे तभी उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सभी घायलों को जामताड़ा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    By Kaushal Kumar Singh Edited By: Piyush Pandey Updated: Fri, 22 Aug 2025 09:48 AM (IST)
    Hero Image
    सड़क हादसे में घायल पूर्व जिप सदस्य। (फोटो जागरण)

    जागरण संवाददाता, जामताड़ा। गुरुवार की शाम साहिबगंज-गोविंदपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पस्ती पालोजोड़ी मोड़ के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया।

    इस दुर्घटना में पूर्व जिला परिषद सदस्य सुनील हांसदा समेत कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, उनका इलाज चल रहा है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुनील हांसदा दुमका से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के साथ बैठक में शामिल होकर अपने सहयोगियों संग वापस लौट रहे थे।

    इसी दौरान बस्ती पालोजोड़ी मोड़ पर उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना जोरदार था कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

    टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को बाहर निकालने में मदद की।

    अफरा-तफरी का माहौल

    घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही जामताड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित करते हुए घायलों को अस्पताल भिजवाने में सहयोग किया।

    पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, प्राथमिक अनुमान के अनुसार गाड़ी का संतुलन बिगड़ने से दुर्घटना हुई। गाड़ी अनियंत्रित होकर एक बड़े पेड़ से जा टकराई।

    पूर्व जिला परिषद सदस्य सुनील हांसदा के घायल होने की सूचना मिलते ही उनके समर्थकों व शुभचिंतकों में चिंता की लहर दौड़ गई। कई लोग अस्पताल पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने लगे।

    आए दिन होते हैं हादसे

    वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इस मोड़ पर आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन अब तक सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।

    इस सड़क हादसे ने एक बार फिर से जामताड़ा जिले की सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़ा कर दिया है।

    स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि हादसा संभावित स्थलों पर साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर और चौकसी के पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें