Jamtara: घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाया, चाकू-बंदूक की नोक पर गहने लूटे, भागने से पहले फोड़ा बम
Jamtara News मिहिजाम में 10-12 नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाया और चाकू-बंदूक की नोक ...और पढ़ें

घटनास्थल का जायजा लेते एसडीपीओ वसीम राजा। (फोटो जागरण)
HighLights
मिहिजाम में नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाया।
चाकू-बंदूक की नोक पर गहने लूटे, विरोध पर मालिक घायल।
वारदात के बाद बदमाश बम फोड़कर फरार, इलाके में दहशत।
संवाद सहयोगी, मिहिजाम (जामताड़ा)। झारखंड के जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र के राजहंस कारखाने के पीछे वार्ड संख्या-19 के कनगोई मोहल्ले में 12 नवंबर की देर रात नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। करीब 10 से 12 की संख्या में पहुंचे हथियारबंद बदमाशों ने घर के सदस्यों को चाकू और बंदूक की नोक पर बंधक बनाकर गहने लूट लिए।

विरोध करने पर घर के मालिक शिव पासी और उनके भाई केशव पासी पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। बदमाशों ने परिवार को धमकाकर शिव पासी की सास-ससुर को भी गहने लेकर घर बुलवाया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश घर के बाहर बम फोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे कनगोई इलाके में दहशत का माहौल है।
बच्चे के दरवाजा खोलते ही घर में घुसे नकाबपोश
शिव पासी ( मधु व्यापारी) की पत्नी रिया ने बताया कि रात करीब सात बजे घर के बाहर बम फटने की आवाज सुनाई दी थी। उस समय वह खाना बना रही थीं।
शुरुआत में उन्हें लगा कि दिवाली का पटाखा फटा है। इसके बाद परिवार ने घर का दरवाजा बंद कर लिया। देर रात जब उनका बच्चा शौच के लिए दरवाजा खोलने गया, तभी करीब 12 लोग चेहरे पर कपड़ा बांधकर घर में घुस आए। रिया के अनुसार, दो हमलावरों के हाथ में चाकू थे, जबकि अन्य के पास बंदूक थी।
गले पर चाकू रखकर मांगे गहने, सास को भी दी धमकी
शिव पासी ने बताया कि घर में घुसते ही बदमाशों ने उनके हाथ पर चाकू से वार किया। इसके बाद उनके भाई केशव पासी और पत्नी रिया समेत परिवार के अन्य सदस्यों के गले पर चाकू सटाकर जान से मारने की धमकी दी गई।
बदमाशों ने घर में रखे सोने के गहने मांगे। परिवार ने गहने नहीं होने की बात कही तो हमलावरों ने काली पूजा के दौरान पहने गए आभूषण उतारने को कहा। रिया ने बताया कि उन्होंने बदमाशों को जानकारी दी कि उनके पास मौजूद आभूषण सिटी गोल्ड के हैं।
इसके बाद बदमाशों ने रिया पर दबाव बनाया कि वह हिल रोड स्थित गुलगुलिया पाड़ा में रहने वाली अपनी मां को फोन कर घर में रखे सोने के गहने मंगवाए। रिया के मुताबिक, भयभीत होकर उन्होंने अपनी मां को फोन किया और बताया कि यदि गहने नहीं दिए गए तो बदमाश उनके पति की हत्या कर देंगे।
टोटो से गहने लेकर पहुंचे सास-ससुर
रिया का फोन मिलने के बाद उनके माता-पिता हिल रोड से टोटो के जरिए गहने लेकर कनगोई फाटक पहुंचे। वहां से वे वार्ड संख्या-19 स्थित शिव पासी के घर पहुंचे।
आरोप है कि इस दौरान बदमाशों ने फोन चालू रखने की हिदायत दी और धमकी दी कि फोन कटते ही उनके दामाद की हत्या कर दी जाएगी। इसी बीच शिव पासी के भाई केशव पासी के सिर पर भी चाकू से हमला कर दिया गया।
शिव पासी के मुताबिक, जब उनके सास-ससुर घर पहुंचे तो घर से करीब पांच कदम की दूरी पर उनके पास मौजूद बैग से बदमाशों ने गहने छीन लिए। इसके बाद हमलावर घर के बाहर बम फोड़कर फरार हो गए। परिवार के सदस्य किसी भी हमलावर को पहचान नहीं सके, क्योंकि सभी ने अपने चेहरे ढक रखे थे।
एक सप्ताह पहले भी मोहल्ले में हुई थी ऐसी घटना
शिव पासी ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले भी उनके मोहल्ले में इसी तरह की घटना हो चुकी है। लगातार ऐसी वारदातों से स्थानीय लोग भयभीत हैं। लोगों के बीच यह सवाल उठने लगा है कि जब हथियारबंद बदमाश घरों में घुसकर परिवारों को निशाना बना रहे हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।
एसडीपीओ वसीम राजा ने घटनास्थल का लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। उन्होंने मामले से जुड़ी जानकारी जुटाई और आवश्यक छानबीन की।
बाद में जामताड़ा जिला एसडीपीओ वसीम राजा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मामले की जांच जारी होने की बात कही। एसडीपीओ के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।
फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। व्यक्तिगत रंजिश, सुनियोजित लूटपाट अथवा दोनों के बीच किसी संबंध समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
पार्षद कैलाश पंडित ने जताई चिंता, लोगों से सतर्क रहने की अपील
वार्ड संख्या-19 के पार्षद कैलाश पंडित ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि मोहल्ले में इस तरह की वारदात से लोगों के बीच भय का माहौल बनना स्वाभाविक है।
आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से घटना में शामिल आरोपितों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा इलाके में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। साथ ही स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
घर में घुसकर हथियारों के बल पर परिवार को बंधक बनाने, गहने लूटने और फरार होने से पहले बम फोड़ने की इस घटना ने कनगोई मोहल्ले की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब स्थानीय लोगों की निगाहें पुलिस की जांच और आरोपितों की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।