मजदूर की बेटी सरिता ने बढ़ाया जामताड़ा का मान, झारखंड अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम में बनाई जगह
Jamtara Girl Sarita Soren: करमाटांड़ की सरिता सोरेन ने आर्थिक तंगी के बावजूद झारखंड अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम में जगह बनाई है।

संवाद सहयोगी, करमाटांड़ (जामताड़ा)। Sarita Soren Karmatand Girl: संघर्षों के बीच सपने देखना और फिर उन्हें हकीकत में बदलना आसान नहीं होता। लेकिन झारखंड के जामताड़ा जिले के करमाटांड़ की आदिवासी बेटी सरिता सोरेन ने अपनी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति से यह कर दिखाया है।
मजदूरी और खेती-बाड़ी कर परिवार चलाने वाले पिता की बेटी सरिता का चयन झारखंड अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम में हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल करमाटांड़, बल्कि पूरे जामताड़ा जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
पंडित ईश्वर चंद्र विद्यासागर की कर्मभूमि करमाटांड़ की इस बेटी ने साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी आर्थिक स्थिति या पहचान की मोहताज नहीं होती। एक छोटे से गांव से निकलकर राज्य की अंडर-23 क्रिकेट टीम तक पहुंचने का उनका सफर वर्षों के संघर्ष, अभ्यास और समर्पण की कहानी है।
सरिता बेहद साधारण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आती हैं। उनके पिता स्टीफन सोरेन मजदूरी करने के साथ खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बीच क्रिकेट खेलने का सपना पूरा करना सरिता के लिए बड़ी चुनौती थी। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और लगातार अपने खेल को बेहतर बनाने में जुटी रहीं।
प्रशिक्षक ने टूटने नहीं दिया हौसला
विद्यासागर स्पोर्ट्स एकेडमी के प्रशिक्षक निवास मंडल ने बताया कि सरिता की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उन्हें निश्शुल्क क्रिकेट प्रशिक्षण दिया गया। खेल से जुड़ी जरूरी सुविधाएं और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने में भी सहयोग किया गया।
एक समय ऐसा भी आया, जब परिस्थितियों से निराश होकर सरिता ने क्रिकेट छोड़ने तक का मन बना लिया था। लेकिन प्रशिक्षक ने उनका हौसला बढ़ाया और लगातार प्रोत्साहित कर उन्हें दोबारा मैदान पर लौटने के लिए प्रेरित किया।
निवास मंडल के मार्गदर्शन और सरिता की मेहनत ने आखिरकार रंग दिखाया। सरिता दाएं हाथ की बल्लेबाज होने के साथ दाएं हाथ से गेंदबाजी भी करती हैं। झारखंड अंडर-23 महिला टीम में उनका चयन उनकी प्रतिभा और मेहनत का प्रमाण है।
ग्रामीण बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा
विद्यासागर स्पोर्ट्स एकेडमी का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभाशाली बच्चों को खेल का बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। सरिता की सफलता इस प्रयास की बड़ी उपलब्धि है।
उनकी कामयाबी उन बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो संसाधनों की कमी के कारण अपने सपनों को पूरा करने से पहले ही हार मान लेती हैं। सरिता ने साबित किया है कि यदि हौसला मजबूत हो और सही मार्गदर्शन मिले तो गांव की पगडंडियों से निकलकर भी राज्य स्तर तक पहुंचा जा सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।