विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

DCA: परशुराम सिंह मेमोरियल टूर्नामेंट से होगा धनबाद क्रिकेट के नए सत्र का आगाज

Published: Wed, 11 Nov 2026 10:59 PM (IST)

Dhanbad Cricket Association: धनबाद क्रिकेट संघ ने जूनियर ग्रुप के अंडर-14, अंडर-16 और अंडर-19 टूर्नामेंट को 'परशुराम सिंह मेमोरियल' नाम दिया है, जिसके प्रायोजक राजेश सिंह बम्मी होंगे।

दिवंगत परशुराम सिंह और डीसीए की बैठक में शामिल पदाधिकारी।

दिवंगत परशुराम सिंह और डीसीए की बैठक में शामिल पदाधिकारी।

जागरण संवाददाता, धनबाद। Dhanbad Cricket Association: धनबाद क्रिकेट संघ के जूनियर ग्रुप के तीन नए टूर्नामेंट के लिए प्रायोजक तय हो गया है। अंडर-14, अंडर-16 और अंडर-19 वर्ग के लिए होने वाला यह ओपन टूर्नामेंट परशुराम सिंह मेमोरियल के तौर पर जाना जाएगा।

बुधवार को डीसीए का एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष मनोज कुमार के नेतृत्व में संघ के वरीय सदस्य व व्यवसायी राजेश सिंह बम्मी से मिला और इस संबंध में वार्ता की। राजेश सिंह ने टूर्नामेंट के प्रायोजन पर सहमति जताते हुए इसे अपने पिता अधिवक्ता रहे परशुराम सिंह के नाम पर कराने की बात कही।

उनके पिता का निधन इसी वर्ष हुआ था। इस बीच डीसीए ने अंडर-14 वर्ग के लिए ट्रायल की तारीख की घोषणा कर दी है। ट्रायल 21-22 नवंबर को टाटा डिगवाडीह स्टेडियम में होगा। इसमें पूर्व में इस ट्रायल के लिए रजिस्ट्रेशन करा चुके खिलाड़ी शामिल हो सकेंगे।

छठ महापर्व के बाद होगा चैंपियंस लीग सीनियर टूर्नामेंट

धनबाद क्रिकेट संघ (डीसीए) के नए क्रिकेट सत्र की शुरुआत चैंपियंस लीग सीनियर टूर्नामेंट से होगी। रणधीर वर्मा स्टेडियम स्थित डीसीए कार्यालय में मंगलवार को हुई प्रबंध समिति की बैठक में इसकी घोषणा की गई।

अध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि पिछले सत्र में वर्षा के कारण इस टूर्नामेंट का आयोजन नहीं हो पाया था। अब छठ महापर्व के बाद इसका आयोजन किया जाएगा। इसके लिए टीम की घोषणा पहले ही की जा चुकी है।

बैठक में नए सत्र के लिए टीमों के रजिस्ट्रेशन पर चर्चा की गई। सुपर डिवीजन एलीट एवं प्लेट और ए डिवीजन की टीमों के लिए रजिस्ट्रेशन फॉर्म 22 नवंबर तक स्वीकार किए जाएंगे। वहीं, 24 से 30 नवंबर तक खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन कराया जा सकेगा।

बैठक में एक बार फिर स्पष्ट किया गया कि विभिन्न आयु वर्गों के चयन ट्रायल में भाग लेने के लिए रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा कर चुके खिलाड़ियों को दोबारा शुल्क नहीं देना होगा। राज्य से बाहर के अधिकतम तीन खिलाड़ी एक टीम से रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। हालांकि, ऐसे खिलाड़ियों का चयन जिला टीम में नहीं किया जा सकेगा।

स्कूल टूर्नामेंट कमेटी की बैठक 23 नवंबर को होगी। इसके बाद इस टूर्नामेंट के लिए खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन की घोषणा की जाएगी। साथ ही अंडर-14, अंडर-16 और अंडर-19 वर्ग में तीन टूर्नामेंटों के आयोजन की घोषणा की गई। इनमें 12-12 टीमें भाग लेंगी। टूर्नामेंट के प्रारूप पर भी चर्चा हुई।

बैठक में आमंत्रित वित्त समिति और चयन समिति के सदस्यों ने भी भाग लिया। विभिन्न टूर्नामेंटों के लिए प्रायोजकों को जोड़ने पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में नवनियुक्त सहायक सचिव रामजी यादव का डीसीए पदाधिकारियों ने स्वागत किया। उम्मीद जताई गई कि उनके मनोनयन से मुगमा-निरसा क्षेत्र में क्रिकेट गतिविधियों को बल मिलेगा।

बैठक में डीसीए के महासचिव विनय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष रविजीत सिंह डांग, शांतनु चौधरी, जावेद खान, कोषाध्यक्ष ललित जगनानी, सहायक कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, संयुक्त सचिव बीएच खान, सहायक सचिव रत्नेश कुमार सिंह, अभिजीत घोष, कार्यकारिणी सदस्य द्वारिका तिवारी, सुधीर पांडेय, डॉ. राजशेखर सिंह, सुनील कुमार, जितेंद्र कुमार सिंह, शिव शक्ति प्रसाद, विशेष आमंत्रित जेएससीए कार्यकारिणी सदस्य उत्तम विश्वास, अशोक चौरसिया तथा चयनकर्ता मनीष वर्धन, अमीर हाशमी, अभिषेक मोइत्रा समेत अन्य उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- मेयर के दबाव में नहीं आएगा धनबाद क्रिकेट एसोसिएशन, संजीव के सामने अभिषेक सिंह करेंगे बैटिंग

यह भी पढ़ें- धनबाद मेयर चुनाव की लड़ाई अब क्रिकेट की राजनीतिक पिच पर, मनोज सिंह और विनय सिंह के खिलाफ संजीव सिंह ने खोला मोर्चा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।