Jamshedpur: नेहरू ने भी कहा था हिंदुत्व किसी का विरोधी नहीं- भगैय्या, RSS के स्थापना दिवस पर कार्यक्रम का हुआ आयोजन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने रविवार को एग्रिको स्थित ट्रांसपोर्ट मैदान में विजयादशमी उत्सव सह स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता वी. भगैय्या (अखिल भारतीय कार्यकारिणी मंडल के सदस्य गुवाहाटी केंद्र) ने स्वयंसेवकों को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारत हिंदू राष्ट्र है। हिंदुत्व में ही सभी पंथ समुदाय व संस्कृति का संरक्षण संभव है।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने रविवार को एग्रिको स्थित ट्रांसपोर्ट मैदान में विजयादशमी उत्सव सह स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता वी. भगैय्या (अखिल भारतीय कार्यकारिणी मंडल के सदस्य, गुवाहाटी केंद्र) ने स्वयंसेवकों को संबोधित किया।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारत हिंदू राष्ट्र है। हिंदुत्व में ही सभी पंथ, समुदाय व संस्कृति का संरक्षण संभव है। उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि मानव सेवा करें, लेकिन मतांतरण की शर्त पर नहीं। किसी की गरीबी, लाचारी या कमजोरी को ढाल बनाकर मतांतरण करना महापाप है।
भारत ही वह देश है, जो सबको संरक्षण देता है। इसका उदाहरण पारसी भी हैं, जो अपने देश से निर्वासित हुए थे। उन्हें किसी देश ने संरक्षण नहीं दिया, तो भारत ने उन्हें शरण दी। आज उसी समुदाय के टाटा हैं, जिन्होंने जमशेदपुर में टाटा स्टील की स्थापना की। आज पूरे देश में उन्होंने जो ख्याति अर्जित की, वह किसी से छिपी नहीं है।
नेहरू ने भी कहा था हिंदुत्व किसी का विरोधी नहीं
वी. भगैय्या ने कहा कि हिंदुत्व किसी का विरोधी नहीं है। नेहरू ने भी अपनी पुस्तक ‘डिस्कवरी ऑफ इंडिया’ में लिखा है कि भारत का हिंदुत्व किसी संप्रदाय के विरुद्ध नहीं है, जो लोग भी हिंदुत्व को मिटाने की बात कहते हैं, वे राक्षसी प्रवृत्ति के हैं। पूर्व में भी विदेशी आक्रांताओं ने हिंदुत्व को मिटाने का प्रयास किया था।
हिंदुत्व के संगठित होने से ही भारत का मान बढ़ा
भगैय्या ने कहा कि आज पूरी दुनिया में भारत की जो प्रतिष्ठा बढ़ी है, मान बढ़ा है, वह हिंदुत्व के संगठित होने के कारण ही संभव हुआ है। आज पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है तो इसी कारण से। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने एग्रिको मैदान में पथ संचलन भी किया।
विजयादशमी पर कहा कि यह शक्ति की उपासना का पर्व है। गौतम बुद्ध ने भी शक्ति की पूजा की थी। उन्होंने अहिंसा परमो धर्म: की बात कही थी, लेकिन शक्ति की शर्त पर नहीं।
उन्होंने कहा था कि हम शक्तिशाली बन कर ही दूसरों की अच्छी तरह सेवा कर सकते हैं। शक्ति की पूजा सभी सभी देवी-देवताओं ने की है। माता दुर्गा शक्ति का प्रतिरूप हैं।
जल-पर्यावरण का संरक्षण कर देशभक्त बनें
भगैय्या ने कहा कि हम सभी देशभक्त हैं। हमें देशभक्त बन कर जल व पर्यावरण का संरक्षण-पोषण करना चाहिए। हमें वह सभी काम करना चाहिए, जिससे देश की सभ्यता-संस्कृति के साथ प्राकृतिक संपदा भी अक्षुण्ण रहे। इस कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा व जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय सहित शहर के कई गणमान्य उपस्थित थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।