विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 15, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Road Accident in Chakradharpur: सड़क दुर्घटना में चक्रधरपुर के तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत, एक परिवार के चार घायल

By Rakesh RanjanEdited By:
Published: Mon, 15 Feb 2021 04:34 PM (IST)Updated: Tue, 16 Feb 2021 09:11 AM (IST)

Road Accident in Chakradharpur. कोल्हान प्रमंडल के चक्रधरपुर-खरसावां मुख्य सड़क मार्ग के एदलबेड़ा गांव के पास तीखे मोड़ पर सड़क ...और पढ़ें

मृतक तीनों दोस्त चक्रधरपुर के हो साई के रहनेवाले थे तथा एक ही बाइक पर बिना हेलमेट के सवार थे।
मृतक तीनों दोस्त चक्रधरपुर के हो साई के रहनेवाले थे तथा एक ही बाइक पर बिना हेलमेट के सवार थे।

चक्रधरपुर, जासं। Road Accident in Chakradharpur  कोल्हान प्रमंडल के चक्रधरपुर-खरसावां मुख्य सड़क मार्ग के एदलबेड़ा गांव के पास तीखे मोड़ पर सड़क हादसे में तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि स्कूटी पर सवार एक परिवार के दो बच्चे समेत चार सदस्य घायल हो गए।

मृतक तीनों दोस्त चक्रधरपुर के हो साई के रहनेवाले थे तथा एक ही बाइक पर बिना हेलमेट के सवार थे। जबकि चक्रधरपुर के कोलचोकड़ा के रहनेवाले घायल परिवार के सदस्य स्कूटी में सवार थे। घटना सोमवार की दोपहर करीब पौने बारह बजे की है। घायलों का प्राथमिक उपचार चक्रधरपुर के अनुमंडल अस्पताल में करने के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। जबकि मृतकों का पोस्टमार्टम अनुमंडल अस्पताल में किया गया। हादसे का मुख्य कारण रफ्तार बताया जा रहा है। तेज गति की वजह से हादसा

बताया जाता है कि पोटका हो साई निवासी नोरो दोंगो उर्फ बरसात दोंगों, शत्रुध्न तैसूम व लक्ष्मण गागराई पल्सर बाइक पर सवार होकर खरसावां की ओर तेज गति से जा रहे थे। जबकि घायल परिवार आकर्षणी मंदिर में पूजा -अर्चना के बाद चक्रधरपुर लौट रहा था। स्कूटी के आगे एक ट्रैक्टर चल रही थी। एदलबेड़ा मोड़ के पास युवकों की बाइक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर के साइड से टकरा कर दूसरी तरफ फेंका गई। इस दौरान ट्रैक्टर के पीछे से आ रही स्कूटी और बाइक में टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर ही बाइक सवार तीनों युवकों की मौत हो गई। जबकि स्कूटी में सवार आनंद प्रधान, उसकी पत्नी रश्मिता प्रधान, बेटी प्राची प्रधान व बेटा आयुष प्रधान घायल हो गए।

चक्रधरपुर थाना और 108 में देकर एम्बुलेंस बुलवाया

घटना के बाद उसी मार्ग से गुजर रहे चक्रधरपुर के मजहर शम्सी ने घटना की सूचना चक्रधरपुर थाना और 108 में देकर एम्बुलेंस बुलवाया। स्थानीय लोगों के सहयोग से पहले एम्बुलेंस से घायलों को अनुमंडल अस्पताल उपचार के लिए भेजा गया। उसके बाद मृतकों के शव को लाया गया। घटना की खबर पाकर चक्रधरपुर और पांड्राशाली थाने की पुलिस अनुमंडल अस्पताल पहुंची थी।

तीन नवजवान युवकों की मौत से हो साई में मातम का माहौल

तीन दोस्तों की एक साथ मौत की खबर जैसे ही पोटका हो साईं में पहुंची, पूरे गांव का माहौल मातम में बदल गया। जबकि परिजन भागे-भागे अनुमंडल अस्पताल पहुंचे। यहां युवकों का शव देख परिजन फूट फूटकर रोने लगे। काफी संख्या में युवक भी अस्पताल पहुंचे थे। युवकों ने बताया कि तीनों में गहरी दोस्ती थी। बरसात दोंगो के पिता ने हाल ही में बेटे को नई बाइक पल्सर खरीदकर दी थी।