पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह वाटर पार्क में हादसा, मामा के घर रह रही 6 साल की बच्ची की डूबने से मौत
Jharkhand News गालूडीह स्थित बिरसा फन सिटी वाटर पार्क में छह वर्षीय षृष्टी कुमारी की डूबने से मौत हो गई। बच्ची चतरा जिले की रहने वाली थी और जमशेदपुर में अपने मामा के घर रहकर पढ़ती थी। गर्मी की छुट्टी में माता-पिता के आने पर परिवार वाटर पार्क घूमने गया था। बच्ची वाटर पार्क के वेब क्षेत्र में नहा रही थी जहां यह हादसा हुआ।

संवाद सूत्र, गालूडीह। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह में स्थित बिरसा फन सिटी वाटर पार्क में षृष्टी कुमारी नामक छह 6 वर्षीय बच्ची की पानी में डूबने से मौत हो गई।
बच्ची मूल रूप से चतरा जिले के पाकी गांव की रहने वाली है। लेकिन वह जमशेदपुर के डिमना संकोसाई क्षेत्र में अपने मामा के घर में ही रहकर पढ़ाई करती थी।
गर्मी छुट्टी होने के कारण चतरा से उसके माता-पिता जमशेदपुर पहुंचे थे। जिसके बाद दोनों परिवार के कुल 11 लोग घूमने के लिए गालूडीह वाटर पार्क पहुंचे, जहां ये हादसा हो गया।
मृतका के पिता का नाम मिथुन कुमार व मां सीमा देवी है। बताया गया कि ये बच्ची वाटर पार्क के वेब क्षेत्र में नहा रही थी। अचानक वाटर पार्क के सुरक्षा कर्मी बच्ची को उठाकर उसके परिजनों के बारे में पूछने लगे।
तब परिजनों को घटना की जानकारी हुई। आनन-फानन में बच्ची को गालूडीह के निरामय हेल्थ केयर में लाया गया। जहां चिकित्सक ने बच्ची को मृतक घोषित कर दिया।
घटना के बाद पहुंची पुलिस, वाटर पार्क का एंबुलेंस खराब
घटना की जानकारी होने के बाद तत्काल इंस्पेक्टर बैजनाथ कुमार, गालूडीह थाना प्रभारी दल बल के साथ पहुंचे। वाटर पार्क में हुए हादसे की जानकारी लेने के बाद पार्क को बंद कराया।
बताया गया कि बच्ची की ऊंचाई लगभग पांच फीट होगी। लेकिन बच्ची जहां नहा रही थी, वहां पानी लगभग सात फीट होगा। पानी ज्यादा होने के कारण ये हादसा हो गया।
जांच में ये बात भी सामने आई कि वाटर पार्क में एबुलेंस खराब अवस्था में थी। चिकित्सक की भी सुविधा उपलब्ध नहीं थी। इधर, प्रबंधक का इस पर कहना है कि सारी व्यवस्था थी।
कैसे घटना हुई, ये पता नहीं चल पाया। अभिभावक को भी देखना चाहिए था। इधर, बता दें कि इसके पूर्व 2022 में एक युवक की मौत वाटर पार्क में बोट से चोट लगने के कारण मौत हो गई थी।
युवक भी जमशेदपुर का ही रहने वाला था। इसके बाद काफी दिनों तक वाटर पार्क को सील कर दिया गया था। अब दोबारा वैसी घटना हुई, इसमें भी लापरवाही सामने आई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।